April 29, 2024

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मैनिफेस्टो कमेटी के सदस्य पूर्व कोषाध्यक्ष रोहित जैन अखिल भारतीय काँग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के निर्देशानुसार जन संपर्क अभियान के तहत अम्बाला शहर में नंद विहार वासियों से मिले।

अमन सिंह उप्पल व अन्य नंद विहार वासियों ने रोहित जैन का स्वागत करते हुए कहा “ऐसे नेता का हो साथ, जो जनता से करे बात”। उन्होंने कहा कि रोहित जैन का परिवार हमेशा अंबाला शहर की जनता से जुड़ा रहा है और अंबाला के लोगों को अपने परिवार का हिस्सा मानता है।

इस अवसर पर रोहित जैन ने प्रदेश व अंबाला की वर्तमान स्थितियों पर चर्चा की और  कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जैन ने कहा कि आने वाले लोकसभा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और हमने मजबूती से आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों को जन जन तक पहुँचाना है।

जैन ने कांग्रेस की नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा पार्टी ने क्रांतिकारी न्याय पत्र 2024 के माध्यम से एक नए भारत की रूपरेखा प्रस्तुत की है, जहां हर वर्ग के लोगों के लिए समान अवसर और उनकी आकांक्षाओं को साकार करने का वादा किया गया है। जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र हमारे देश की बेहतरी के लिए हमारे वादों को दर्शाता है।

आज देश में बेरोजगारी चरम पर है, युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, कांग्रेस की सरकार बनते ही देश के युवाओं को भर्ती का भरोसा देकर एक रोजगार क्रांति की शुरुआत की जाएगी। जैन ने उपस्थित जनों को बताया कांग्रेस कभी भी धर्म की राजनीति में शामिल नहीं हुई क्योंकि पार्टी का राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक जोर हमेशा “समावेशी” रहा है, जिससे समाज के सभी वर्ग सौहार्दपूर्ण ढंग से सह-अस्तित्व में रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *