May 9, 2024

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने मंगलवार को पूंडरी के पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इससे पूर्व भारतीय किसान यूनियन (मान गुट) के युवा प्रदेश अध्यक्ष राजीव आर्य अपने 100 से ज्यादा समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

राजीव आर्य के साथ गुरमेल सिंह, गुरमीत पंवार, हनी कसाना, अनिल पंवार, विजय और भीम सिंह ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की। वहीं गांव जाजनपुर में रामफल फौजी के मार्गदर्शन में जजपा, इनेलो और भाजपा को छोड़कर सुखवीर सिंह, रोहताश मेहरा, अमित, बिंदु सिंह, हिमांशु राजरावन, संदीप, मनीष सैनी, बाली सिंह और सुरेंद्र मेहरा ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

इस मौके पर पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जाडौला, सतबीर भाना, देवेंद्र हंस, प्रदीप चौधरी, ओमप्रकाश गुर्जर, बलकार सिंह, कंवरपाल करोड़ा, सतपाल, महेंद्र झांबा, सुरेश रोड़, ईशम सिंह, स्वामी कृष्णनंद, सोनिया शर्मा और सुनीता मौजूद रहे। इसके बाद डॉ. सुशील गुप्ता ने पूंडरी विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की।

डॉ. सुशील गुप्ता ने अपनी चुनावी यात्रा गांव बेगपुर से शुरू की। इसके बाद वे गांव जाडौला में लोगों से मिले। वहां से जाजनपुर में ग्रामीणों से रूबरू हुए। इसके बाद गांव पबनावा में पहुंचे।

यहां से गांव चंदलाना, कौल और साकरा पहुंचकर लोगों को संबोधित किया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं का आशीर्वाद लिया और “इंडिया” गठबंधन को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। यात्रा का समापन देर शाम गांव आंहू में हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है और किसानों को गुलाम बनाना चाहती है। यदि किसान अपनी आवाज उठाए तो भाजपा सरकार किसानों पर कभी आंसू गैस के गोले छोड़ती है तो कभी एनएसए लगाती है।

जिस कृषि कानून का विरोध करते करते 700 किसानों की शहादत हो गई, जिस कृषि कानूनों से सीधा फायदा भाजपा के दोस्तों को मिलना था। उसी तीनों काले कृषि कानूनों को भाजपा किसानों पर थोपने की कोशिश की।

भाजपा सरकार मड़ियों को खतम करने की साजिश कर रही है। आज पूंडरी हल्के में मंडी पर ताला लगा दिया गया है। किसानों को मजबूर किया जा रहा है कि किसान अपना अनाज मंडियों में नहीं बल्कि अडानी को बेचे। भाजपा अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए हरियाणा की मंडियों को बर्बाद करने की साजिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि मंडिया हमारे कृषि सिस्टम का अभिन्न अंग है। सरकार ने मंडियों को बंद करने की तैयारी कर ली है। यदि मंडियां बंद हो जाएंगी तो किसान को लंबी लंबी लाइन लगा कर अडानी के गोदामों के बाहर कई कई दिनों तक खड़ा होना पड़ेगा। आज मंडियों में किसान के अनाज में कभी नमी और क्वालिटी का बहाना बनाकर तंग किया जा रहा है।

ताकि किसान अपनी फसल को ओन पोने दामों में बेच सके। इंडिया गठबंधन इसका पूरजोर तरीके से विरोध करता है। आज मंडियों की जैसी हालत बिहार व अन्य राज्यों में है मंडियों की वही हालत भाजपा हरियाणा और पंजाब में भी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आज आढ़ती भी हड़ताल पर बैठे हैं। आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन प्रदेश के आढ़तियों की हड़ताल का समर्थन करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस सरकार आज तक किसानों की सुविधा की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यदि फसल खराब हो जाए तो भाजपा सरकार किसानों से मुंह फेर लेती है। किसानों को खाद के लिए लंबी लंबी लाइनों में धक्के खाने पड़ते हैं। भाजपा ने किसान और आढ़ती को पोर्टल के जाल में जकड़ कर रखा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की भावंतर योजना भी एक बड़ा घोटाला साबित हुई है। इस सरकार ने किसानों को हर तरफ से बुरी तरह कुचल दिया है। भाजपा ने 2022 तक किसानों की आया दोगुनी करने की बात कही थी, आय तो दोगुनी नहीं हुई लेकिन किसान पर कर्जा जरुर दोगुना हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *