April 26, 2024

भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम ने सरसो की खरीद में बड़े घोटाले की आशंका जताई है। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मेहला बलड़ी ने कहा कि व्यापारी पोर्टल का दुरुपयोग कर किसानों को चूना लगाने की फिराक में हैं।

26 मार्च से पहले व्यापारियों ने मंडियों में किसानों से 4600 से 4700 रुपए में सरसो खरीद ली, जबकि सरकार ने 5600 रुपए एमएसपी तय किया है। अब व्यापारी पोर्टल पर इस खरीद को एमएसपी पर दिखाकर बड़ा घोटाले करेंगे।

प्रवक्ता बहादुर मेहला ने कहा कि मंगलवार से सरसो की सरकारी खरीद शुरू होनी थी, लेकिन पहले दिन एक-दो मंडियों के अलावा खरीद नहीं की गई। किसी मंडी में नमी का बहाना बनाया गया तो कहीं बारदाना ही नहीं पहुंचा।

इधर फूड सप्लाई विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना किसानों को तंग करने वाली हैं। मंडियों में फसलों की खरीद शुरू होने से पहले पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते। व्यापारी सरकार के साथ मिलीभगत कर किसानों की जेबों पर डाका डालने का काम करते हैं।

बहादुर मेहला ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं व मांगों पर ध्यान दें। पोर्टल के दुरुपयोग पर लगाम लगाए। व्यापारियों के हाथों किसानों को बर्बाद करवाने का काम न किया जाए। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *