May 15, 2024

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक की सौगात देंगे। इस सौगात के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से गांव उमरी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 5 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई है।

इस स्मारक का भूमि पूजन कार्यक्रम 15 मार्च को दोपहर 2 बजे होगा। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री डा. बनवारी लाल, विधायक सुभाष सुधा, विधायक ईश्वर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शिरकत करेंगे।

संत शिरोमणि गुरु रविदास के स्मारक स्थल पर कार्यक्रम की तैयारियों की जायजा लेने के लिए विधायक सुभाष सुधा, विधायक ईश्वर सिंह, पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, भाजपा प्रदेश सचिव राहुल राणा, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि बतान, हरियाणा पशुधन एवं डेयरी विकास बोर्ड के निगम के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, भाजपा युवा जिलाध्यक्ष साहिल सुधा, एडीसी डा. वैशाली शर्मा, कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी पहुंचे।

विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल देश और प्रदेश को बड़ी-बड़ी सौगात दे चुके है। इसी कड़ी के तहत कुरुक्षेत्र को संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक की सौगात देने के लिए 15 मार्च को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंच रहे है। उनके साथ कैबिनेट मंत्री डा. बनवारी लाल और गणमान्य लोग पहुंच रहे है। इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र जिले में हो रहे पहले कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंच रहे है। इसलिए मुख्यमंत्री के पहले आगमन को लेकर नागरिकों और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करने के लिए हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचेगे। इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं व आमजन के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए है।

विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि समाज के लोगों की लंबे अर्से से मांग थी कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर का निर्माण किया जाए।  इस स्मारक को लेकर प्रदेश के नागरिकों में उत्साह और जोश है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने समाज के लोगों को स्मारक के रूप में एक अनोखी सौगात देने का काम किया है।

पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक बनने से कुरुक्षेत्र को एक नई ख्याती मिलेंगी। इस स्मारक का 15 मार्च को भूमि पूजन होने जा रहा है। इस स्मारक के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से पर्याप्त अनुदान राशि भी मुहैया करवाई जाएगी। इस स्मारक में संत शिरोमणि गुरु रविदास की शिक्षाओं और विचारों से समाज को शिक्षित किया जाएगा।

पूर्व विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि कार्यक्रम में लाडवा हल्का से बड़ी संख्या में लोग शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम अपने आप में एक अदभुत कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए प्रत्येक नागरिक में उत्साह देखने को मिल रहा है।

भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि बतान ने कहा कि गांव उमरी में कार्यक्रम स्थल पर जोर शोर से तैयारियां चल रही है। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कुरुक्षेत्र ही नहीं प्रदेश का पहला कार्यक्रम है। इसलिए इस कार्यक्रम को यादगार बनाने का काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *