May 3, 2024

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व लोकसभा क्षेत्र कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या धाम की यात्रा करने वाले श्रद्घालुओं को भगवान श्रीराम लला के दर्शन होंगे। इस अयोध्या नगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से श्रीराम मंदिर में फिर से श्रीराम लला की मूर्ति को स्थापित किया गया। इस मूर्ति की स्थापना से देश-दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था भी पूरी हुई है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी बीती रात कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम से पहले सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, भाजपा के शीर्ष नेता एवं प्रभारी फणिन्द्र शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि बतान, स्वामी धर्मदेव जी महाराज, अंतरराष्ट्रीय पहलवान और युवा भाजपा नेता योगेश्वर दत्त, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी ने अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल टे्रन को हरी झंडी व लाइट दिखाकर रवाना किया।

इस ट्रेन में कुरुक्षेत्र जिले से 1504 श्रद्घालु अयोध्या के लिए रवाना हुए। इस ट्रेन में बैठे श्रद्घालुओं से सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने बातचीत की और सबसे मन की बात को साझा भी किया।

इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप, उपाध्यक्ष उमा सुधा, भाजपा जिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा, तेजेंद्र गोल्डी, जसविंद्र सैनी, हरियाणा घूमंतु जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जयसिंह पाल, भाजपा नेता रविंद्र सांगवान, सुशील राणा, सुरेश सैनी कुक्कू, सोम रामगढ़ रोड, मंडल अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, दीपक चौहान, रमेश सैनी, हरमेश सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। इस ट्रेन को रवाना करने से पहले हरियाणा कला परिषद के कलाकारों द्वारा शानदार धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर ट्रेन का माहौल भक्तिमय बना दिया।

प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पूरा भारवर्ष राममय और भावुक है। पांच शताब्दियों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह क्षण आया है और देशवासियों का सपना साकार हुआ है। अयोध्या नगरी में राम लला के गर्भग्रह में विराजमान होने पर पूरा देश भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा हुआ है।

अयोध्या नगरी दुनिया के मानचित्र पर स्थापित हो चुकी है। अयोध्या सहित पूरा देश राम उत्सव में उत्साहित है। रावण का वध कर जब भगवान राम अयोध्या वापस लौटे थे, उनका राजतिलक हुआ था उस समय जो उत्सव था आज वैसा ही उत्सव पूरे  देश में दिखाई दे रहा है। भगवान श्रीराम के विराजमान होने से पूर्व देश और प्रदेश में श्रीराम के आगमन का जो माहौल बना वह अभूतपूर्व है।

भगवान राम हमारी संस्कृति के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव अपनी संस्कृति को संरक्षित करने और अपनी विरासत पर गर्व करने के लिए लगातार हमें प्रेरित करते आ रहे हैं। कोई भी देश अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजे बिना समृद्ध नहीं हो सकता यह बात प्रधानमंत्री मोदी ने चरितार्थ करके दिखाई है।

विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि सनातन के शासन और राम राज्य की पुन: स्थापना का दिन है। सदियों के संघर्ष और हजारों लोगों के बलिदान के बाद यह दिन आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *