May 18, 2024
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चली आ रही रार को छिपाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच कोई रार नहीं चल रही है। इस बारे में अरविंद केजरीवाल का कोई बयान सामने नहीं आया है।
जब तक कोई बयान सामने नहीं आ जाता तब तक इस बारे में कोई कुछ नहीं बोल सकता।
वही उन्होंने भाजपा सरकार पर वार करते हुए कहा कि भाजपा केवल नॉन परफॉर्मिंग और इवेंट मैनेजमेंट की सरकार है। भाजपा ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश में कोई विकास नहीं किया। केवल योजनाएं बनाकर जनता को गुमराह किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया कि जो सरकार पंचायत के चुनाव नहीं करा पाई वो नगर निगम चुनाव क्या कराएगी।
36 बिरादरी अब कांग्रेस के साथ है और आने वाले लोकसभा चुनाव हों या विधानसभा दोनों में ही कांग्रेस की सरकार बनेगी।
नगर निगम के चुनावों में भी कांग्रेस ही अपना परचम लहराएगी। वहीं,पत्रकारों द्वारा प्रदेश में कांग्रेस के संगठन बनाने को लेकर पूछे गए सवाल को पूर्व मुख्यमंत्री हंसी में टाल गए और पत्रकारों को संगठन बनाने की जल्दी होने की बात कहने लगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया के आवास पर माता भतेरी देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस दौरान हवन का भी आयोजन किया गया जिसमें कई कांग्रेसियों ने आहुति डाली। इस दौरान कांग्रेस के कई दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *