May 18, 2024

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (‌BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) का साढ़े 4 साल पुराना गठबंधन टूट की कगार पर दिख रहा है।

लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही दोनों पार्टियों के सीनियर नेता खुलकर एक-दूसरे को आंखें दिखा रहे हैं। जिससे दोनों दलों के बीच आर-पार की स्थिति बन गई है।

एक तरफ BJP के हरियाणा इंचार्ज बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

वहीं जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि वह खुद या बेटा दिग्विजय चौटाला महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेगा।

इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा अब इसी साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले छुटकारा पाना चाहती है।

BJP इंचार्ज बिप्लब देब ने कहा- ” सभी 10 सीट पर भाजपा के चुनाव निशान कमल पर लड़ा जाएगा। अभी भी सभी 10 सीटों पर भाजपा के ही सांसद चुने हुए हैं। किसी को इस पर कोई शक नहीं रहना चाहिए। हरियाणा से सभी 10 कमल मोदी को जाएंगे”

अजय चौटाला ने कहा-”भाजपा अपना काम कर रही और हम भी फील्ड में काम कर रहे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से मैं चुनाव लड़ूंगा, लेकिन कुछ कानूनी अड़चने हैं, जिन्हें दूर करने की कोशिश की जा रही है।

फरवरी तक ये अड़चने दूर हो सकती है। अगर मैं चुनाव नहीं लड़ा तो दिग्विजय चौटाला को चुनाव लड़ाएंगे।”

एक हफ्ते पहले पंचकूला में BJP की कोर कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें भी भाजपा के ज्यादातर नेताओं ने गठबंधन से किनारा करने को कहा।

नेताओं ने कहा कि अकेले चुनाव लड़ना ही फायदेमंद है। जजपा से पीछा छुड़ा लेना चाहिए।

इसी के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं की बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला भाजपा के हाईकमान को करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *