May 18, 2024

हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) को इसी महीने दूसरा तगड़ा झटका लग सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक तंवर मकर संक्रांति को AAP छोड़कर BJP जॉइन कर सकते हैं।

अशोक तंवर की बुधवार को नई दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मीटिंग हुई।

इससे पहले 5 जनवरी को ही AAP की हरियाणा इकाई की उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा अपने पिता निर्मल सिंह के साथ कांग्रेस जॉइन कर चुकी हैं।

हरियाणा सरकार अगले महीने 2 फरवरी से 19 फरवरी तक लगने वाले सूरजकुंड मेले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बतौर चीफ गेस्ट बुलाना चाहती है।

सीएम मनोहर लाल बुधवार को खुद राष्ट्रपति को आमंत्रित करने दिल्ली पहुंचे थे। इसी दौरान जब CM दिल्ली के ताज होटल में थे, तो वहीं पर अशोक तंवर ने उनके साथ मुलाकात की।

इस बारे में अशोक तंवर से पूछा तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि उनके एक करीबी शख्स ने मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात की पुष्टि की।

उसके मुताबिक 15 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन अशोक तंवर भाजपा जॉइन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के साथ हुई मीटिंग के बाद तंवर के BJP में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया। अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा अशोक तंवर को हरियाणा की सिरसा या अंबाला सीट से टिकट दे सकती है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पिछले साल 25 मई को अशोक तंवर को हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए अपनी कैंपेन कमेटी का चेयरमैन बनाया था।

उसी समय सुशील गुप्ता को AAP की हरियाणा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। गुप्ता उससे पहले हरियाणा के प्रभारी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *