May 4, 2024

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस को एक बड़ी सफलता मिली।

उत्तरी हरियाणा के कद्दावर नेता निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। पार्टी में शामिल होने के बाद प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के साथ दोनों नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मिलने पहुंचे।

इस अवसर पर निर्मल सिंह ने कहा कि हरियाणा में हुड्डा जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। हरियाणावासियों के दिलों में आज भी राज भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ही है।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक रहे निर्मल सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष रही चित्रा सरवारा, 256 पार्टी पदाधिकारी तथा हजारों अन्य समर्थकों के साथ आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने उनके साथ आये हजारों समर्थकों का कांग्रेस मुख्यालय पर स्वागत किया और आश्वस्त किया उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जायेगा।

आज निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वालों में 4 जिला पार्षद, 2 पूर्व जिला पार्षद, 1 ब्लॉक समिति के सदस्य, 19 सरपंच, 103 पूर्व सरपंच, 4 कोआपरेटिव सोसायटी चेयरमैन और मार्केट कमेटी चेयरमैन, 12 पूर्व निगम पार्षद, अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, मुलाना, नारायणगढ़, यमुनानगर, पेहोवा से आम आदमी पार्टी के 7 प्रदेश पदाधिकारी, 7 लोकसभा क्षेत्र पदाधिकारी, जिलों के 77 पदाधिकारी, सर्कल के 36 पदाधिकारी, वार्ड एवं गांवों के 129 पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि निर्मल सिंह कांग्रेस के पुराने सिपाही हैं, उनके डीएनए में कांग्रेस है। ये दिल से, विचारधारा से कभी भी पार्टी से अलग नहीं हुए यही कारण है कि निर्मल सिंह की पार्टी में वापसी के लिये कांग्रेस हाईकमान ने पूरा आशीर्वाद दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निर्मल सिंह व चित्रा सरवारा के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि जब कभी दो भाई बिछड़ जाते हैं और फिर मिलते हैं तो जितनी खुशी होती है, उतनी ही आज हो रही है। आज पूरे देश को कांग्रेस को मजबूत करने की जरुरत है। देश का प्रजातंत्र खतरे में है। प्रजातंत्र कायम रखने के लिये सबका फर्ज बनता है कि कांग्रेस को मजबूत करें।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे पुराने साथी निर्मल सिंह का राजनीतिक जीवन ही कांग्रेस पार्टी से शुरु हुआ। निर्मल सिंह ने अंबाला ब्लाक यूथ कांग्रेस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस के साथ ही हरियाणा की कांग्रेस सरकार के समय मंत्री के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *