May 4, 2024
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि वर्तमान सरकार में सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की नीति को क्रियान्वित करके सभी वर्गों का विकास हो रहा है। आज केंद्र व प्रदेश की सरकार ने हरियाणा प्रदेश में चहुंमुखी विकास कार्यों की झड़ी लगाई हुई है।
मंत्री कंवर पाल ने यह बात शुक्रवार को जगाधरी स्थित अपने आवास पर जन समस्याएं सुनते हुए कही। यमुना नगर और आस-पास के जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनते हुए स्कूल, शिक्षा वन एवं पर्यटन मंत्री ने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया और शेष के संबंध में विभागाध्यक्षों से फोन पर बात कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यवस्था परिवर्तन के काम की शुरुआत 2014 से शुरू कर दी थी, भ्रष्टाचार, क्राइम और जाति आधारित राजनीति पर प्रहार किया, भ्रष्टाचार को दूर किया व क्राइम पर रोक लगाई। आज देश व विदेश से निवेश करने के लिए कोई आता है तो हरियाणा उनकी पहली पसंद है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2014 में हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया, हमने जो कहा, वह करके दिखाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन, सेवा और सुशासन पर ध्यान दिया है और आगे भी दे रही है।
सरकार द्वारा 1 लाख 80 हजार रुपये आय तक के परिवारों को 5 लाख रुपये तक के इलाज की मुफ्त सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज महापुरुषों के नाम पर मेडिकल कॉलेज व विश्वविद्यालयों के नाम रखे जा रहे हैं।
इस मौके पर जगाधरी भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष निश्चल चौधरी, जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, आइटी सेल जगाधरी के अध्यक्ष पीयूष गोगियान, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल गढ़ी ये सब उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *