May 17, 2024
मेला श्री कपाल मोचन में प्रशासन द्वारा लगाई प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाकर अपने अपने विभाग व संस्थाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, इसके अलावा में मेले में प्रदर्शनी देखने आने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी भी जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार से जुड़े यमुनानगर जिला के हाफिजपुर निवासी प्रगतिशील किसान सुभाष काम्बोज ने प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न प्रकार के शहद से संबंधित जानकारी श्रद्वालुओं को विस्तार से दी जा रही है।
प्रदर्शनी स्थल पर प्रगतिशील किसान सुभाष काम्बोज के पुत्र अभिनव काम्बोज ने बताया कि उनका परिवार शहद से जुड़े व्यवसाय को काफी समय से करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता सुभाष काम्बोज ने वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण लेकर मात्र 6 मधुमक्खी के डिब्बों से अपना शहद का व्यवसाय शुरू किया और अब जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लगभग 2000 शहद के डिब्बों में मधुमक्खी पालन का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके द्वारा तैयार किए गए शहद की भारी मांग को देखते हुए शहद को देश के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता है। उन्होंने बताया कि अभी वे खुद अपने पिता के साथ मिलकर कई टन शहद तैयार करते हैं।
उनकी इस उपलब्धि को देखकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके पिता से मन की बात के माध्यम से संवाद भी किया तथा इसके साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के राज्यपाल, जिला उपायुक्त के अलावा कृषि विश्वविद्यालय हिसार द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि उनके पिता द्वारा शुरू किए गए शहद व्यवसाय को अब वे बाखूबी आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रदर्शनी स्थल पर लगी शहद स्टाल पर प्रगतिशील किसान सुभाष काम्बोज ने बताया कि स्वरोजगार के लिए युवाओं के लिए शहद व्यवसाय बहुत ही लाभदायक है। यदि कोई युवा शहद व्यवसाय को अपनाना चाहता है तो वे युवा उनके गांव हाफिजपुर में स्थित फार्म पर पहुंचकर शहद से संबंधित जानकारी नि:शुल्क प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि शहद का व्यवसाय काफी फायदेमंद है और हरियाणा सरकार भी व्यवसाय चलाने के लिए आसान किस्तों में ऋण उपलब्ध करवा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *