May 1, 2024

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में 15 जगहों पर रेड की।

NIA की रेड को सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तानी समर्थकों द्वारा किए गए हमले से जोड़कर देखा जा रहा है।

पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के साथी के घर रेड हुई। वहीं हरियाणा के कुरूक्षेत्र में स्वीट शॉप मालिक के यहां जांच की गई।

फिलहाल NIA की तरफ से रेड को लेकर कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है।

कुरूक्षेत्र में खालिस्तानी फंडिंग के शक में सलारपुर रोड पर रेड हुई। यहां एक स्वीट हाउस पर NIA की टीम ने सुबह 6 बजे आकर 5 घंटे तक मालिक से पूछताछ की। जिसके बाद टीम दिल्ली लौट गई।

पंजाब के गुरदासपुर के गांव बुल्लेवाल में रेड हुई। यहां NIA की टीम ने कृपाल सिंह के घर की जांच की।

सूत्रों के मुताबिक कृपाल सिंह असम की डिब्रुगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह का साथी बताया जा रहा है।

मोगा के चाड़िक के गांव झंडेवाला में बुधवार सुबह जांच एजेंसी ने गुरलाभ सिंह के घर में रेड की। NIA के साथ लोकल पुलिस भी मौजूद रही।

टीम ने गुरलाभ सिंह की पत्नी हरप्रीत कौर से करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने उन्हें 24 नवंबर को चंडीगढ़ बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *