May 7, 2024

जगाधरी स्थित अपने कार्यालय में आज हरियाणा के कैबिनेट मंत्री आम जनता से रूबरू हुए। कैबिनेट मंत्री ने कार्यालय पर नागरिकों की बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, पुलिस व अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें व समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के किसी भी कार्य में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को अपने जगाधरी कार्यालय पर जनता दरबार में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा हर क्षेत्र में प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विगत 9 वर्षों से आईटी का अधिक से अधिक उपयोग कर राज्य को डिजिटल क्रांति में अग्रणी बनाया है।

सरकारी विभागों की कार्यशैली में आईटी ने व्यवस्था परिवर्तन का एक नया अध्याय जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने मिशन- 2024 को भी आईटी से जोड़ा है और हरियाणा को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आईटी का उपयोग कर स्टार्टअप शुरू करके अन्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने की दिशा में अन्य राज्यों की तुलना में अनूठी पहल की है, जिसके चलते हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। हरियाणा का परिवार पहचान पत्र इसी डिजिटल क्रांति का एक नया उदाहरण है।

इस मौके पर जगाधरी भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष निश्चल चौधरी, जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, आईटी सेल जगाधरी के अध्यक्ष पीयूष गोगियान व युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल गढ़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *