May 4, 2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में फिर बदलाव की तैयारी चल रही है। सीएम के विशेष कार्यकारी अधिकारी (OSD) के रूप में सीएमओ में कार्यरत जवाहर यादव की दीपावली के बाद छुट्‌टी तय मानी जा रही है।

यह भी संभावना जताई जा रही है कि जवाहर यादव को अब हरियाणा भाजपा के प्रदेश संगठन में सेट किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ के जाने के बाद अब उनकी जगह सांसद नायब सैनी को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके साथ ही जवाहर यादव 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे हैं।

हालांकि पहले कार्यकाल में उन्हें प्रदेश के कई मंत्रियों व विधायकों के विरोध के चलते सीएमओ से हटाया गया था।

हरियाणा में सीएम के करीबी जवाहर यादव प्रदेश संगठन में महासचिव का पद संभाल सकते हैं। अभी संगठन में तीन महासचिव पद हैं।

नायब सैनी के अध्यक्ष बनने के बाद महासचिव पद की जिम्मेदारी देख रहे पवन सैनी की छुट्‌टी हो सकती है। उनके स्थान पर जवाहर यादव को सेट किया जा सकता है।

इससे पहले भी धनखड़ के समय उन्हें एडजस्ट करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उनकी संगठन में एंट्री नहीं हो पाई थी।

जवाहर यादव गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वह लगातार मनोहर सरकार के गुणगान करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके लिए मुश्किल बात यह है कि इस सीट पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ही सरकार के पहले कार्यकाल में PWD मंत्री रहे राव नरबीर भी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।

वह अपनी दावेदारी को लेकर लगातार केंद्रीय नेतृत्व से भी मिल रहे हैं।

इन दोनों के अलावा भाजपा के एक बड़े चेहरे की सक्रियता भी बादशाहपुर में देखी जा सकती है, लेकिन जिस तरह से राकेश दौलताबाद ने चेयरमैन का पद छोड़कर अपनी सक्रियता यहां बढ़ाई हुई है, उससे बाकी दावेदारों में बेचैनी का आलम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *