May 1, 2024

5 नवंबर जजपा की कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की नव संकल्प रैली शाहाबाद की नई अनाज मंडी में हुई। रैली में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने जयपुर से आकर शाहाबाद रैली मे विशेष रूप से शिरकत की। रैली को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी द्वारा जो सदस्यता अभियान चल रहा है उसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़े ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि 4 वर्ष 11 माह पूर्व जींद की धरती पर जब जजपा की नींव पड़ी थी तो किसी ने यह सोचा नहीं था कि यह पार्टी 10 विधायक लेकर सत्ता में भागीदारी करेगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह सब संगठन की ताकत है व आप सब कार्यकर्ताओं की मेहनत है जिन्होंने संगठन को इतना अधिक मजबूत बनाया कि जजपा के 10 विधायक चुनकर आए तथा जजपा सत्ता में भागीदारी बनी।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से 2 विधायक सत्ता में भागीदार है। जब नगर पालिका चुनाव हुए तो कुछ लोगों ने कहा कि यह गांव की पार्टी है, शहर में इसका वजूद नहीं है। लेकिन आपके अपने शहर शाहाबाद में नगर पालिका का प्रधान जजपा पार्टी के निशान पर विजयी हुआ व सबसे अधिक वोट प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि इसी तरह चीका, इस्माईलाबाद नगर पालिका में भी जजपा का कब्जा है।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में बीसी वर्ग को 8 प्रतिशत आरक्षण, नैना चौटाला द्वारा शुरू की गई चुनरी चौपाल की बदौलत आज महिलाओं को पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति, जिला परिषद् में आरक्षण मिला। यह बदलाव तभी संभव हुआ जब जजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाया। संगठन की मजबूती के कारण ही हम विधानसभा में यह बदलाव लाने में संभव हुए।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जुलाई में शाहाबाद सहित अनेक इलाके बाढ़ ग्रस्त थे वह स्वयं शाहाबाद सहित सभी इलाकों में गए और उन लोगों तक पानी पहुंचाया जो घरों से नहीं निकल पा रहे थे। इसके अतिरिक्त एसडीएम कार्यालय से उनके लिए खाने का प्रबंध किया। उन्होंने फसलों की तबाही देखी। लेकिन सरकार ने धान की दोबारा पौध तैयार करवाई व इस तरह के प्रबंध किए कि प्रदेश सरकार ने 12 जिलों में 53 लाख मैट्रिक टन धान की फसल खरीदी।

उन्होंने कहा कि पहले किसान को अपनी जमीन की फर्द निकलवाने के लिए कई दिन लग जाते थे व उन्हें पटवारी के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब किसान गांव में ही कम्पयूटर सैंटर से 20 रूपए देकर अपनी फर्द निकलवा सकता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि यह सरकार पोर्टल की सरकार है। जब कांग्रेस की सरकार थी तो 2 रूपए के, 5 रूपए के मुआवजे के चैक बनते थे।

अब किसान की फसल का मूल्य सीधा उसके खाते में जाता है। यह सब पोर्टल के कारण संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 सितम्बर से सरकारी पदों में 20 प्रतिशत आरक्षण कर दिया है। इसी तरह लगभग हर परिवार में खेवट बटवारे की समस्या थी। सरकार ने 111-ए नियम में बदलाव कर अब प्रत्येक माह के पहले और तीसरे बुधवार को रिवैन्यू अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वह तहसील कार्यालय में बैठकर लोगों के खेवट बटवारे का कार्य करेगें। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 5 नवम्बर की रैली के कारण कुरूक्षेत्र लोकसभा के कार्यकर्ताओं की राजस्थान चुनावों में डयूटियां नहीं लगाई थी लेकिन अब कल से कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता भी राजस्थान चुनावों में डयूटी के लिए तैयार रहे।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने भी संगठन मजबूत करने बारे संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि अब चुनावों में जब केवल 300 दिन के करीब का समय रह गया है तो प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यो बारे बताए तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़े।

अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी ने चुनाव पूर्व जो जनता से वायदे किए थे वह सब वायदों को पूरा कर दिया गया है। डा. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि मिशन 2024 दुष्यंत चौटाला मुख्यमंत्री बनाओ शुरू हो चुका है। दुष्यंत चौटाला के मुख्यमंत्री बनने से वृद्धावस्था सम्मान पैंशन 5100 ही नहीं 10 हजार रूपए कर दी जाएगी। डा. अजय सिंह चौटाला को किसान मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूबे सिंह त्यौड़ी, कुलदीप सैनी सूढ़पुर, रामचंद्र ढोलामाजरा, मदन गोपाल, मायांचद हबाना, संत सिंह संभालखी, हरवेल लाडी ने गदा देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *