May 19, 2024

हरियाणा में भाजपा सरकार 26 अक्टूबर को अपने नौ साल पूरे करने जा रही है। हरियाणा BJP ने इसके लिए मेगा प्लान तैयार किया है।

पार्टी प्रदेश में राज्य स्तरीय एक बड़ी रैली की तैयारी कर रही है। फिलहाल यह रैली जीटी रोड बेल्ट पर CM सिटी करनाल में करने पर विचार किया जा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा की इस राज्य स्तरीय रैली में शामिल होंगे। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री से 26, 27 और 28 अक्टूबर में से किसी एक दिन के लिए समय देने का अनुरोध किया गया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने CMO के अधिकारियों को 10वें साल के रोडमैप के लिए खास तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और प्रधान सचिव उमाशंकर सरकार के 9 साल का हिसाब-किताब तैयार करने में जुटे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री ऑफिस से भी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।

प्रदेश सरकार के 9 साल 26 अक्टूबर को पूरे होंगे। राज्य सरकार की कोशिश है कि वह 26 अक्टूबर को ही रैली करे और उसमें अमित शाह शामिल हों।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा आने के बाद भाजपा के चुनाव अभियान के तेज गति मिलेगी। पार्टी और सरकार मिलकर पहले ही मिशन 2024 की शुरुआत कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल हर जिले में जाकर जनसंवाद कर रहे हैं, जबकि सांसदों व मंत्रियों को भी जनसंवाद करने को कहा गया है। वहीं हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने पन्ना प्रमुख सम्मेलनों का सिलसिला बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *