भारत जोड़ाे यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर आज राहुल गांधी जयपुर में म्यूजिक इवेंट में शामिल होंगे। वे आज राजस्थान में पहली बार प्रेस कांफ्रेंस भी करने जा रहे हैं। आज दौसा में करीब 22 किलोमीटर की यात्रा के बाद राहुल गांधी दोपहर 1.30 बजे जयपुर पहुंचे।
उनके साथ हेलिकॉप्टर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सचिन पायलट भी थे।
भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में 12वां दिन है। दौसा में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के सामने सचिन पायलट के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।
दरअसल, दौसा जिला पायलट परिवार का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे राजेश पायलट यहां के सबसे पॉपुलर लीडर्स में रहे।
उनके बाद रमा व सचिन पायलट के लिए भी दौसा के लोग काफी भावुक रहे हैं। हालांकि, सचिन पायलट अब यहां से चुनाव नहीं लड़ते हैं, लेकिन वे यहां आते रहते हैं।
वर्तमान में दौसा शहर विधानसभा से पायलट ग्रुप के समर्थक मंत्री मुरारीलाल मीणा विधायक हैं। दौसा शहर में भारी भीड़ के कारण यात्रा की स्पीड स्लो रही।
 
                             
                             
                             
                             
                            