September 20, 2024

कुछ नशा तिरंगे की आन का है, कुछ नशा मातृभूमि की शान का है, हम लहराएंगे हर जगह ये तिरंगा, नशा ये हिंदुस्तान की शान का है। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के तहत देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी की तर्ज पर नगर निगम ने शहर की सड़कों पर लगे पेड़ों को भी तिरंगे के रंग में रंगा है।

शहरवासियों में देशभक्ति की भावना के उत्साह वर्धन के लिए नगर निगम द्वारा सीएसआर फंड के तहत रेलवे रोड, लघु सचिवालय रोड व जगाधरी रोड पर लगे सैकड़ों पेड़ों को तिरंगे के रंग में रंगा गया है।

जिन स्थानों पर अभी पेड़ों को तिरंगा रंग में रंगने का काम बाकी है। उसे जल्द से जल्द निपटाने के निगमायुक्त आयुष सिन्हा व उप निगम आयुक्त अशोक कुमार ने कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। शहर की सड़कों पर पेड़ों को तिरंगा रंग में रंगने से शहर की सुंदरता को भी चार चांद लगे है।

उप निगम आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि शहर की सड़कों पर लगे पेड़ों को सीएसआर फंड के तहत रंगा जा रहा है। यह कार्य अंतिम चरण में है। रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन चौक से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद भगत सिंह चौक से जगाधरी के अग्रसेन चौक तक, इसी तरह लघु सचिवालय रोड पर महाराणा प्रताप चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर लगे पेड़ों को तिरंगे के रूप में रंग दिया गया है। जो पेड़ अभी बचे हुए है।

उन्हें बुधवार तक रंग दिया जाएगा। उप निगम आयुक्त अशोक कुमार ने शहरवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान में सभी शामिल हो और 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराए। उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार या शहरवासी तिरंगे के रूप में रंगे गए पेड़ों पर कोई बोर्ड, नाम प्लेट व पोस्टर न लगाए।

न ही पेड़ों पर कुछ लिखें। देशभक्ति से ओतप्रोत होकर सभी शहरवासी हर घर तिरंगा मुहिम को कामयाब बनाए। तिरंगे के रंग में पेड़ों को रंगने के कार्य की शहरवासियों ने भी प्रशंसा की है। शहरवासी अमन, रामनाथ, मुनीश भारद्वाज, अनिल मित्तल आदि ने कहा कि यह नगर निगम का सराहनीय कार्य है। तिरंगे के रंग में पेड़ रंगने से शहर की सुंदरता में बढ़ोतरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *