November 28, 2026
28 nov 8

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फैमिली आईडी में सुधार, सत्यापन और परिवार के सदस्यों से जुड़े बदलावों की जानकारी अब नागरिकों को SMS के माध्यम से मिलेंगी। परिवार पहचान प्राधिकरण (HPPA), हरियाणा की ओर से फैमिली आईडी से संबंधित 54 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नागरिकों को SMS भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन संदेशों के जरिए आवेदन, सुधार, स्वीकृति या अस्वीकृति और आगे की जरूरी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।

रेवाड़ी में परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार यह पहल शुरू की गई है। शुक्रवार को उन्होंने सेक्टर-1 स्थित अपने कार्यालय में नागरिकों की जन समस्याएं सुनीं।

इस दौरान फैमिली आईडी में विभिन्न प्रकार के सुधार, सत्यापन, परिवार के सदस्यों से संबंधित बदलाव और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतों पर सुनवाई की गई।

पता, जन्मतिथि और बैंक IFSC में सुधार की मिलेगी जानकारी

54 बिंदुओं में फैमिली आईडी से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इनमें पता सुधार, बैंक खाते के IFSC में बदलाव, परिवार के मुखिया (HOF) में परिवर्तन, जन्मतिथि (DOB) में सुधार, माता-पिता के नाम में संशोधन, लिंग परिवर्तन, मोबाइल नंबर, नाम और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित बदलाव शामिल हैं।

इसके अलावा राज्य के भीतर या राज्य से बाहर प्रवास, दिव्यांगता, विवाह, पति-पत्नी के नाम में सुधार तथा परिवार के सदस्यों को जोड़ने, हटाने या मर्ज करने से संबंधित आवेदनों की जानकारी भी SMS के माध्यम से दी जाएगी।

जीवित-मृत व्यक्ति के रिकॉर्ड से जुड़े मामलों की भी सूचना

फैमिली आईडी में किसी व्यक्ति को जीवित या मृत के रूप में मार्क करने, परिवार के संरक्षक में बदलाव, विधवा से संबंधित सुधार और अन्य आवश्यक संशोधनों के आवेदन की स्थिति की जानकारी भी संदेश के जरिए मिलेगी। इससे नागरिकों को अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश

डॉ. सतीश खोला ने नागरिकों से अपील की कि विभाग की ओर से प्राप्त SMS को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उसमें दिए गए निर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी समय पर उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि SMS के माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी मिलने से प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और फैमिली आईडी से संबंधित समस्याओं के समाधान में सुविधा होगी।

डॉ. खोला ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नागरिकों को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।