- CM का फूकेंगे पुतला, संयुक्त पंचायत में फैसला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गन्ने का रेट 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। अब किसान मिलों के बाहर धरना देने के साथ सड़कों पर भी उतरेंगे। 2 को किसान सीएम आवास भी घेर सकते हैं।
30 नवंबर को प्रदेश की सभी शुगर मिलों से जुड़े किसान अपने-अपने इलाकों में ट्रैक्टर और बाइक के साथ प्रदर्शन करेंगे। जहां भाजपा के मंत्री या विधायक हैं, किसान उनके क्षेत्र में रोष मार्च निकालेंगे और मुख्यमंत्री का पुतला फूंकेंगे।
तहसील पर करेंगे प्रदर्शन
यह फैसला शुगर मिल में हुई सभी किसान संगठनों की संयुक्त पंचायत और बैठक में लिया गया। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) चढूनी के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने बताया कि जहां मंत्री या विधायक नहीं हैं, वहां तहसील या जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाए।
2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में होंगे इकट्ठा
चढूनी ने कहा कि आंदोलन का अगला बड़ा कार्यक्रम 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में होगा। इस दिन प्रदेशभर के किसान और सभी किसान संगठन एकजुट होकर चौधरी देवीलाल पार्क में इकट्ठा होंगे।
जितना गुड़ डालोगे उतना मीठा होगा
इस कार्यक्रम के लिए गांव-गांव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि गांवों में मंदिरों और गुरुद्वारों से सुबह-शाम अनाउंसमेंट करवाएं। यह प्रचार लगातार जारी रहना चाहिए।
इसके अलावा फोन, सोशल मीडिया और अपने जानकारों के जरिए भी किसानों को कार्यक्रम की जानकारी दें। आपकी संख्या ही तय करेगी। जितना गुड़ डालोगे उतना ही मीठा होगा। हर किसान ने यहां इकट्ठा होना है।
2 दिसंबर को लगा दो जोर
उन्होंने कहा कि 2 दिसंबर को सभी किसान संगठनों और किसानों को मिलकर पूरा जोर लगाना होगा। किसानों की संख्या जितनी ज्यादा होगी, सरकार पर उतना ही दबाव बनेगा। गन्ने का रेट बढ़वाने के लिए किसानों को अपनी ताकत दिखानी होगी।
प्रदेश की सभी शुगर मिलों पर चल रहा धरना
गुरनाम चढूनी ने कहा कि प्रदेश की सभी शुगर मिलों पर गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर धरने चल रहे हैं। किसान 600 रुपए प्रति क्विंटल रेट की मांग कर रहे हैं।
किसान इस मांग पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और जब तक गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस भी शाहाबाद शुगर मिल पर बैठेगी
गन्ने के रेट को लेकर चल रहे आंदोलन में अब कांग्रेस भी किसानों के समर्थन में उतर रही है। 1 दिसंबर को कांग्रेस शाहाबाद शुगर मिल पर किसानों के साथ धरना देगी।