November 26, 2026
26 nov 5
  •  बेहोश कर कैश-जेवर ले गया, दादरी पुलिस ने CCTV से खोला राज

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के चरखी दादरी में हुई दिनदहाड़े हुई करीब 20 लाख कैश-जेवर की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, चोरी किसी बाहर के व्यक्ति नहीं, परिवार की ही महिला सदस्य ने अंजाम दी थी।

वारदात के बाद उसने चोर के चुपके से घर में घुसने, मुंह पर कपड़ा लगाकर बेहेाश करने और घर की सभी अलमारियों से कैश जेवर समेट कर ले जाने की झूठी कहानी सुना दी।

ससुर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो महिला के झूठ से पर्दा उठ गया।

डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया कैश और जेवर बरामद कर लिया है। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। उसकी इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है।

चोरी कैसे हुई, पुलिस को बताई थी ये बात…

  • महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बेसुध : वार्ड 20 स्थित अधिवक्ता दरियाव सिंह वाली गली निवासी नरेश कुमार ने 17 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी थी कि दोपहर करीब 12:10 बजे उनकी पुत्रवधू पहली मंजिल पर अपने डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में आया और वहां मौजूद पुत्रवधू को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद घर की अलमारियों में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
  • चोरी के वक्त परिवार के अन्य सदस्य बाहर थे : नरेश के मुताबिक, जिस वक्त यह चोरी हुई, उस वक्त वह और उसका बेटा पुरानी अनाज मंडी स्थित अपनी दुकान पर गए हुए थे, जबकि पत्नी रिश्तेदारी में गई थीं। वारदात के बाद पुत्रवधू ने होश आने पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।
  • पुलिस की तीन टीमों का किया था गठन : पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 3 अलग-अलग टीमों का गठन किया था। इनमें साइबर क्राइम टीम, बस स्टैंड चौकी और सिटी थाना एसएचओ की टीम शामिल रही। इन टीमों ने जांच के विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगले।

अब जानिए कैसे किया पुलिस ने केस का खुलासा…

  • CCTV फुटेज में घर के बाहर नहीं दिखा कोई संदिग्ध : डीएसपी साहिल ढिल्लो के अनुसार, CCTV फुटेज की जांच में घटना के समय कोई भी संदिग्ध व्यक्ति घर के बाहर या गली में आता-जाता नहीं दिखाई दिया। इसके अलावा चोर ने ऊपर और नीचे के कमरों में चोरी नहीं की थी। इन बातों के चलते पुलिस को घटनाक्रम पर संदेह हुआ।
  • शक गहराया तो की गई सख्ती से पूछताछ : पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच की तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। जांच में घर का ही महिला सदस्य चोरी की वारदात में आरोपी पाया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
  • एक किलो चांदी और सोने के जेवरात बरामद : पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक किलो चांदी, सोने का ब्रेसलेट, सोने की अंगूठी, सोने के कानों के झुमके, मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, चांदी की पाजेब और 6 हजार रुपए कैश बरामद किए हैं।

डीएसपी बोले- पारिवारिक विवाद में वारदात

डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि पुलिस की टीमों ने लगातार जांच करते हुए 6 दिनों में मामले को सुलझाया और चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के नाम को डिसक्लोज नहीं किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के चलते ही चोरी की यह वारदात को अंजाम देने का खुलासा हुआ। पुलिस मामले का पता कर रही है।