- वित्त विभाग से लेनी होगी मंजूरी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत प्राध्यापकों (असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर) की पीएचडी (Ph.D.) करने की अनुमति से जुड़े मामलों पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सख्त रुख अपनाया है। निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना उचित जांच और अधूरे दस्तावेजों के साथ भेजी जाने वाली फाइलों को स्वीकार नहीं किया जाएगा और उन्हें सीधे वापस लौटा दिया जाएगा। निदेशालय के संज्ञान में आया है कि कॉलेज प्रिंसिपल अपने स्तर पर नियमों की जांच किए बिना ही प्राध्यापकों के पीएचडी आवेदन आगे भेज रहे हैं। कई मामलों में वित्त विभाग के पुराने निर्देशों का पालन नहीं हो रहा और जरूरी दस्तावेज भी नत्थी नहीं किए जा रहे। इससे अनावश्यक पत्राचार बढ़ रहा है और अनुमति मिलने में देरी हो रही है।
अब जानिए, PHD के लिए नियम…
- ग्रुप-ए अधिकारी (प्रोफेसर): इनकी उच्च शिक्षा की अनुमति पर संबंधित प्रशासनिक विभाग की सिफारिश के बाद वित्त विभाग अंतिम निर्णय लेगा।
- नौकरी से पहले दाखिला: यदि किसी ने सरकारी सेवा में आने से पहले पीएचडी में दाखिला लिया है, तो उसे इसका प्रमाण देना होगा। ऐसे मामलों में बिना वेतन अवकाश (EOL) 6 महीने तक संबंधित विभाग और उससे अधिक के लिए वित्त विभाग की मंजूरी से मिलेगा।
- पढ़ाई प्रभावित न हो: ऑनलाइन, पत्राचार या इवनिंग क्लास के जरिए पीएचडी करने की अनुमति इस शर्त पर मिलेगी कि कॉलेज का शिक्षण और प्रशासनिक कार्य किसी भी हाल में प्रभावित न हो।