November 25, 2026
25 nov 15
  • 15 क्लस्टरों में तैयार होगी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में नहरों के जीर्णोद्धार, जलभराव की समस्या के समाधान और सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने ‘वॉटर सिक्योर हरियाणा’ कार्यक्रम के तहत डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट से जुड़े कंसल्टेंट्स की शंकाओं का समाधान करते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है।

महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत राज्य के 15 क्लस्टरों में कुल 49.94 लाख एकड़ कल्चरेबल कमांड एरिया (CCA) को कवर किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डीपीआर तैयार करने की समय-सीमा कॉन्ट्रैक्ट साइन होने की तारीख से 10 महीने ही रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डीपीआर पूरे 100 प्रतिशत कमांड एरिया के लिए तैयार की जाएगी, जबकि चिन्हित कार्यों में से 70 प्रतिशत के विस्तृत एस्टीमेट अलग से जमा करने होंगे। क्लस्टर-वार विस्तृत जानकारी और नक्शे आरएफपी (RFP) चरण के दौरान चयनित एजेंसियों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

अब जानिए, कहां कितना काम होगा

  • नहरों व खालों का जीर्णोद्धार: 8.56 लाख एकड़ क्षेत्र में नहरों (चैनलों) का पुनर्वास और 3.18 लाख एकड़ में खालों (वॉटर कोर्सेज) का सुधार किया जाएगा। इसके तहत मिकाडा (MICADA) द्वारा लगभग 1.29 करोड़ रनिंग फीट लंबाई वाले 620 खालों का जीर्णोद्धार भी डीपीआर में शामिल होगा।
  • जलभराव (सेम) से मुक्ति: लगभग 2 लाख एकड़ जलभराव वाले क्षेत्र में कृषि विभाग के सहयोग से वर्टिकल और सब-सरफेस ड्रेनेज का काम होगा।
  • खेती में पानी की बचत: 5 लाख एकड़ में धान की सीधी बिजाई (DSR) और ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ योजना के तहत 1.12 लाख एकड़ में फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • नए जल निकाय: भूजल रिचार्ज के लिए लगभग 150 नए जल निकायों (वॉटर बॉडीज) की योजना और डिजाइन तैयार किए जाएंगे।

4 पॉइंट में समझिए, समय-सीमा और शर्तों..

  • नहीं बढ़ेगी समय-सीमा: बोलीदाताओं ने सर्वे, एनआईटी कुरुक्षेत्र से वेटिंग और केंद्रीय जल आयोग (CWC) की मंजूरी में लगने वाले समय का हवाला देते हुए अवधि 10 से बढ़ाकर 18 महीने करने की मांग की थी, जिसे विभाग ने ठुकरा दिया।
  • फीस में ही शामिल होगा थर्ड-पार्टी खर्च: सिविल स्ट्रक्चर के डिजाइन की जांच (वेटिंग) एनआईटी कुरुक्षेत्र या समकक्ष सरकारी तकनीकी संस्थान से करानी होगी, जिसका खर्च कंसल्टेंट की कोटेड फीस में ही शामिल रहेगा।
  • विशेषज्ञों की योग्यता से समझौता नहीं: इरिगेशन प्लानिंग स्पेशलिस्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर के लिए तय उच्च शैक्षणिक योग्यताओं (M.Sc/M.Tech) में छूट देने से भी विभाग ने इनकार कर दिया है।
  • पर्यावरण मंजूरी की जरूरत नहीं: चूंकि इस योजना में किसी नई नहर का निर्माण नहीं हो रहा है बल्कि पुरानी नहरों का ही जीर्णोद्धार किया जा रहा है, इसलिए अलग से पर्यावरण और सामाजिक अध्ययन या क्लीयरेंस की आवश्यकता नहीं होगी।