- बेटी सुसाइड की कोशिश कर चुकी
हरियाणा ब्रेेेकिंग न्यूज : सोनीपत में शादी के दिन ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बारात लौटाने के मामले में दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया है कि इस घटना के बाद उनकी बेटी दो बार आत्महत्या करने की कोशिश कर चुकी है।
पिता के मुताबिक, शादी वाले दिन उनकी बेटी मंडप में बैठकर रोती रही। इस घटनाक्रम ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया है। परिवार अब उसे अकेला नहीं छोड़ सकता।
इस बीच, शादी वाले दिन का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल कुलदीप सादे कपड़ों में अकेले बैंक्वेट हॉल में एंट्री करता दिखाई दे रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति कुलदीप को हाथ से इशारा कर कुछ नहीं होने की बात कहता भी नजर आ रहा है। लड़की के परिवार का आरोप है कि वह यह देखने आया था कि वहां ब्रेजा कार खड़ी है या नहीं।
वहीं, मामले में हरियाणा महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया है कि दोनों परिवारों के बीच समझौते की बात होने के बावजूद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आयोग की ओर से FIR दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। दुल्हन के पिता ने कुलदीप पर अपनी पहली शादी की बात छिपाने का भी आरोप लगाया है।
महिला आयोग ने परिवार से की बात
महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली थी। आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। इस संबंध में लड़की के परिवार से भी बातचीत की गई है। पुलिस ने आयोग को बताया है कि दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत करने के लिए समय मांगा है। दोनों परिवारों से भी बातचीत की जा रही है, लेकिन समझौते की संभावना होने का मतलब यह नहीं है कि मामले को खत्म कर दिया जाएगा। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। आयोग अपने स्तर पर भी पूरे मामले की जांच करेगा।
पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश
उषा प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जानी चाहिए। अब तक सामने आए डिजिटल साक्ष्यों को लेकर उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ये साक्ष्य घटना को सही साबित करते दिखाई दे रहे हैं। रियल टाइम फुटेज भी सामने आई है। मामले को दबाने की कोशिश की गई तो ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। आयोग इस मामले में पूरी सख्ती से कार्रवाई करवाएगा।
CCTV में बैंक्वेट हॉल पहुंचता दिखा कुलदीप
इधर, 20 नवंबर को शादी वाले दिन का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल कुलदीप शादी से पहले बिना शेरवानी और सादे कपड़ों में अकेले बैंक्वेट हॉल में एंट्री करता दिखाई दे रहा है। उसके साथ बारात भी नजर नहीं आ रही है।
लड़की के पिता ने आरोप लगाया था कि कुलदीप अपनी मां के साथ गाड़ी देखने के लिए वाटिका में आया था। वहीं, कुलदीप इन आरोपों को झूठा बता चुका है। उसका कहना है कि उसने ब्रेजा कार की कोई मांग नहीं की थी।
पिता का आरोप- पहली शादी की बात भी छिपाई
लड़की के पिता सुभाष ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुलदीप की पहले भी शादी हो चुकी थी और वह उनकी बेटी के साथ दूसरी शादी कर रहा था। आरोप है कि कुलदीप ने अपनी पहली शादी की बात लड़की के परिवार से छिपाई थी। पिता के अनुसार, उन्हें इस बारे में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। अब इस आरोप को लेकर भी मामले में जांच की मांग उठ रही है