- 7 दिन का अल्टीमेटम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक के वार्ड-7 की गुरुनानकपुरा कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हर बार आश्वासन मिलते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।
गुरुनानकपुरा निवासी परविंद्र जैन ने बताया कि घरों में पिछले 2 साल से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम अधिकारियों को सैकड़ों बार शिकायत दी जा चुकी है। निगम हाउस की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया, लेकिन समस्या जस की तस है।
बदबूदार पानी से लोग हो रहे बीमार
परविंद्र जैन के अनुसार, घरों में आने वाला पानी गंदा और बदबूदार है। इसके कारण लोग बीमार हो रहे हैं और कई लोग त्वचा संबंधी बीमारियों से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि यह पानी पीने के अलावा दूसरे कामों के लिए भी इस्तेमाल करने लायक नहीं है।
7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो सीएम विंडो पर शिकायत
परविंद्र जैन ने जनस्वास्थ्य विभाग को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सीएम विंडो और मानवाधिकार आयोग में शिकायत दी जाएगी। इसके साथ ही विभाग के कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना शुरू किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि विभाग सप्लाई की पाइपलाइन का निरीक्षण करवाकर क्षतिग्रस्त, जंग लगी और लीक हो रही पाइपों को बदले। पानी की टंकियों की सफाई करवाई जाए और समस्या का स्थायी समाधान होने तक टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाए।
कई बार एसडीओ कार्यालय में दे चुके धरना
परविंद्र जैन ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के जेई, एसडीओ और एक्सईएन को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। वह 3-4 बार एसडीओ कार्यालय में धरना भी दे चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
वार्ड-7 के पार्षद कपिल नागपाल ने कहा कि लोगों की पानी की समस्या जायज है। वे कई साल से परेशान हैं और अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वह कॉलोनीवासियों के साथ हैं। पहले अधिकारियों से बात करेंगे और जरूरत पड़ी तो उनके कार्यालय में धरना भी देंगे।