November 20, 2026
20 nov 1
  •  ठिठुरन बढ़ी, सरसों-चना की बिजाई की सलाह

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है और रात का पारा अब 9 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।

इसके अलावा करनाल में भी पारा 8.8 डिग्री तक लुढ़क गया है। प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे पहुंच चुका है। इसमें महेंद्रगढ़ 8.7°C, करनाल 8.8°C, रेवाड़ी 9.2°C, झज्जर 9.5°C, कैथल 9.8°C, अंबाला 10.0°C, हिसार 10.0°C, कुरुक्षेत्र 10.0°C, पंचकूला 10.0°C और यमुनानगर 10.0°C शामिल हैं।

वहीं, मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

आज से 3 दिन घने कोहरे की चेतावनी…

20 नवंबर (11 जिलों में अलर्ट): पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में कहीं-कहीं घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

21 व 22 नवंबर (18 जिलों में अलर्ट): कोहरे का दायरा पश्चिमी हरियाणा तक फैल जाएगा। कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और रोहतक को छोड़कर बाकी सभी 18 जिलों में सुबह व रात के समय घने कोहरे की चेतावनी रहेगी।

सरसों-चना की बिजाई करें किसान

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार और मौसम विभाग की एग्रोमेट एडवाइजरी यूनिट ने शुष्क मौसम और गिरते तापमान को देखते हुए किसानों व पशुपालकों के लिए विशेष सलाह जारी की है।

सरसों व राया: खेत में पर्याप्त नमी होने पर RH 30, RH 0749, RH 0406, वरुणा या लक्ष्मी किस्म की बिजाई करें। बिजाई से पहले प्रति किलो बीज को 2 ग्राम कार्बेन्डाजिम से उपचारित जरूर करें।

चना: सिंचित क्षेत्रों में C 235, HC 5 और बारानी (असिंचित) क्षेत्रों में HC 1 किस्म बोएं। फफूंद रोग से बचाव के लिए प्रति किलो बीज को 4 ग्राम बायोडर्मा, 1 ग्राम विटावैक्स (5 मिली पानी में मिलाकर) व राइजोबियम से उपचारित करें।

कपास, धान व बाजरा: रेशे की गुणवत्ता बचाने के लिए सुबह धूप निकलने और ओस सूखने के बाद ही कपास की चुगाई करें। धान की कटाई से 2 सप्ताह पहले सिंचाई बंद कर दें और पराली बिल्कुल न जलाएं। पकी हुई बाजरा व ग्वार की फसल की जल्द कटाई-थ्रेशिंग करें।