- अस्पतालों में इमरजेंसी बेड रिजर्व, बिजली 24 घंटे मिलेगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : देशभर में आज 8 नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा में स्वास्थ्य, पुलिस, बिजली, अग्निशमन और शहरी स्थानीय निकाय समेत तमाम विभाग अलर्ट पर हैं।
दिवाली पर सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति होगी। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित रखने और डॉक्टरों को ऑन कॉल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, बिजली निगम ने प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की है। पुलिस पटाखों की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर निगरानी रखेगी, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
पटाखों के गोदाम और दुकानों पर पुलिस की नजर
दिवाली पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग अलर्ट पर है। DGP अजय सिंघल के निर्देश पर सभी पुलिस कमिश्नरों और SP को पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। पिछले वर्षों में पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों और खुदरा बिक्री केंद्रों पर आग लगने की घटनाओं को देखते हुए पहले से एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों, बिक्री केंद्रों और परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों व मार्गों की पहचान करेंगे। संबंधित थाना प्रभारियों (SHO) और राजपत्रित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से दुकानों व गोदामों का निरीक्षण कर लाइसेंस की वैधता और सुरक्षा इंतजामों की जांच करने को कहा गया है। बिना वैध लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। बिक्री और भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे।
अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित, डॉक्टर ऑन कॉल रहेंगे
दिवाली पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के 23 सिविल अस्पतालों और 52 सब-डिविजन अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। इसके अलावा 416 पीएचसी और 121 सीएचसी में भी मेडिकल टीमों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। आतिशबाजी से जलने या अन्य हादसों में घायल होने वाले लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित रहेंगे।
बिजली विभाग के कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे
बिजली विभाग की सचिव एवं सीनियर IAS ऑफिसर आशिमा बराड़ ने बताया कि दिवाली को देखते हुए पूरा विभाग अलर्ट पर है। प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली कर्मचारी यूनियन के अनुसार, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में सी कैटेगरी के करीब 7,500 कच्चे कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। इनमें लाइनमैन, असिस्टेंट लाइनमैन और फोरमैन शामिल हैं। इसके अलावा करीब 7 हजार पक्के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। इसी तरह उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अंतर्गत करीब 7 हजार सी-क्लास कच्चे और 7 हजार पक्के कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
अग्निशमन कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट, जरूरत पर छुट्टियां होंगी रद्द
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि दिवाली पर अग्निशमन विभाग को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अग्निशमन वाहनों को चालू हालत में रखने और केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अग्निशमन कर्मियों की छुट्टियां रद्द की जा सकती हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को अग्निशमन वाहनों और उपकरणों की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। इसमें ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, वाहनों के बीमा की वैधता और उपकरणों के रखरखाव की जांच शामिल है। इसकी जानकारी संबंधित लॉगबुक में दर्ज करनी होगी।
अग्निशमन विभाग को ‘एक्सप्लोसिव्स रूल्स, 2008’ के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। इनमें त्योहारों के दौरान आतिशबाजी रखने और बेचने के लिए लगाई जाने वाली अस्थायी दुकानों से संबंधित नियम 84 भी शामिल है। निर्देशों के अनुसार, एक क्लस्टर में 50 से अधिक दुकानें नहीं होनी चाहिए। पटाखों की विस्फोटक प्रकृति को देखते हुए जरूरत के अनुसार 5 किलोग्राम DCP क्षमता वाले उपयुक्त अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) उपलब्ध कराने होंगे।