- बैन के बावजूद देर रात तक पटाखे जलाए गए
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दिवाली की रात हरियाणा का प्रदूषण बेहद खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। 15 शहर गैस चैंबर में बदल गए हैं। यहां सांस लेने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है और आंखों में जलन हो रही है।
हरियाणा में दिवाली की रात 12 से 2 बजे के बीच प्रदेश के 23 शहरों में से 15 शहर ऐसे रहे, जहां एक्यूआई 500 तक पहुंच गया। यानी इन शहरों में प्रदूषण का स्तर एक्यूआई की मापने की अधिकतम सीमा पर पहुंच गया। ये शहर गंभीर श्रेणी में आ गए।
दिवाली की रात से पहले जारी आंकड़ों से तुलना करें तो स्थिति में भारी गिरावट आई। पहले किसी भी शहर का एक्यूआई 400 तक नहीं पहुंचा था, जबकि रात में 15 शहरों में यह 500 पर पहुंच गया।
बहादुरगढ़, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत और पानीपत समेत कई शहरों की हवा बेहद जहरीली हो गई।
सबसे ज्यादा उछाल कुरुक्षेत्र और करनाल में
तुलनात्मक आंकड़ों में कुरुक्षेत्र का एक्यूआई 179 से बढ़कर 500 पर पहुंच गया। यहां 321 अंकों की बढ़ोतरी हुई। करनाल में 200 से बढ़कर 500 (300 अंक), अंबाला में 226 से 500 (274 अंक) और पानीपत में 228 से 500 (272) अंक हो गया। सोनीपत में 244 से बढ़कर 500, धारूहेड़ा में 266 से 500 और गुरुग्राम में 288 से 500 एक्यूआई पहुंचना बताता है कि आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का असर केवल दिल्ली से सटे शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के अंदरूनी शहर भी इसकी चपेट में आए।
AQI 500 का मतलब क्या है?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के वर्गीकरण में 401 से 500 तक का एक्यूआई गंभीर (Severe) श्रेणी में आता है। इस स्तर पर स्वस्थ लोगों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है, जबकि पहले से बीमार लोगों के लिए स्थिति और गंभीर हो सकती है। 500 एक्यूआई की मापनी का अधिकतम स्तर है।
WHO के मुताबिक वायु प्रदूषण से इन बीमारियों का खतरा
- 1. अस्थमा: सांस लेने में कठिनाई होती है, छाती में दबाव महसूस होता है और खांसी भी आती है। ऐसा तब होता है जब व्यक्ति की श्वसन नली में रुकावट आने लगती है। यह रुकावट एलर्जी (हवा या प्रदूषण) और कफ से आती है। कई रोगियों में यह भी देखा गया है कि सांस लेने की नली में सूजन भी आ जाती है।
- 2. फेफड़ों का कैंसर: स्मॉल सेल लंग कैंसर (SCLC) प्रदूषण और धूम्रपान से होने वाला कैंसर है। इसका पता तब चलता है जब SCLC शरीर के अलग-अलग हिस्सों में फैल चुका होता है। साथ ही, नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर (NSCLC) तीन तरह के होते हैं। एडेनोकार्सिनोमा, स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा और लार्ज सेल कार्सिनोमा।
- 3. हार्ट अटैक: वायु प्रदूषण से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। जहरीली हवा के PM 2.5 के बारीक कण खून में चले जाते हैं। इससे धमनियों में सूजन आ जाती हैं।
- 4. बच्चों में सांस की दिक्कत: बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होती है। यह नाक, गले और फेफड़ों को संक्रमित करता है, जो सांस लेने में मदद करने वाले अंग हैं। बच्चों को इस बीमारी का खतरा अधिक होता है। 5 साल से कम उम्र के बच्चे इस बीमारी से सबसे ज्यादा मरते हैं।
- 5. क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) : क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) एक सांस संबंधी बीमारी है जिसमें मरीज को सांस लेने में दिक्कत होती है। यह बहुत खतरनाक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक सबसे ज्यादा लोग सीओपीडी से मरते हैं।