- परिवारों के साथ अनहोनी होने की मान्यता, कई पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला जिले के साहा के पास स्थित सबगा गांव में एक ऐसी मान्यता है, जो लोगों को हैरान कर देती है। यहां ज्यादातर लोग अपने मकान की छत पर दूसरी मंजिल यानी चौबारा नहीं बनाते।
गांव में पीढ़ियों से यह परंपरा चली आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जिस भी व्यक्ति ने मकान की दूसरी मंजिल बनाने की कोशिश की, उसके परिवार को किसी न किसी तरह का नुकसान उठाना पड़ा।
किसी को आर्थिक नुकसान हुआ तो किसी के परिवार में अनहोनी होने की बात सामने आई। इसी मान्यता के चलते अब लोग अपने मकान एक मंजिल तक ही बनाना पसंद करते हैं।
गांव के बुजुर्गों से मिली जानकारी के अनुसार, यह परंपरा काफी पुरानी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बचपन से ही अपने बुजुर्गों को चौबारा नहीं बनाने की बात कहते सुना है।
हालांकि गांव में कुछ मकानों पर चौबारे बने हुए भी दिखाई देते हैं, लेकिन इनके निर्माण को लेकर लोगों के मन में आज भी पुरानी मान्यता का डर बना हुआ है।
ग्रामीण बोले- प्रकृति से छेड़छाड़ करने का भुगतना पड़ता है परिणाम
गांव के एक पूर्व भाजपा जिला संयोजक ने बताया कि पहले गांव में दर्शन ठाकरा नाम के व्यक्ति ने मारकंडा ऋषि से जुड़े स्थान पर पूजा-पाठ और मान्यताओं का विरोध किया था।
ग्रामीण के अनुसार, उसने वहां चौबारा बनाने और इस परंपरा को न मानने की बात कही थी। इसके बाद उसकी जमीन मारकंडा नदी में समा गई। ग्रामीण इसे प्रकृति और धार्मिक मान्यताओं से छेड़छाड़ का परिणाम मानते हैं। हालांकि यह ग्रामीणों की अपनी मान्यता और सुनी-सुनाई बात है।
मारकंडा नदी और बाबा मारकंडे में गहरी आस्था
सबगा गांव मारकंडा नदी के पास बसा हुआ है। गांव के सरपंच आदर्श कुमार का कहना है कि पिछली बार क्षेत्र में बाढ़ आने के बावजूद उनके गांव में पानी नहीं पहुंचा था।
इसे वे बाबा मारकंडा की कृपा मानते हैं। इसी आस्था को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने अब हर साल महाशिवरात्रि पर मेले का आयोजन शुरू किया है। पिछले साल मेले में कुश्ती दंगल भी कराया गया था।
ग्रामीणों के सहयोग से लगाया जाता है मेला
ग्रामीणों का कहना है कि इस बार भी गांव के सहयोग से मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। ग्रामीणों ने बताया कि इस आयोजन में पूरे गांव के लोग सहयोग करते हैं। उनका उद्देश्य अपनी धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।