- पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर सुबह 6 बजे से सेवा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दिवाली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 8 नवंबर को मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव किया है। दिवाली के दिन सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। यह व्यवस्था एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू रहेगी।
वहीं, रविवार होने के बावजूद यात्रियों की सुविधा के लिए पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवा सुबह 7 बजे के बजाय 6 बजे से शुरू होगी। इससे इन रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को एक घंटे पहले मेट्रो मिलेगी।
ऐसे में दिल्ली और बहादुरगढ़ से मेट्रो के जरिए सफर करने वाले यात्रियों को बदली हुई समय-सारणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।
इन रूटों पर सुबह 6 बजे से चलेंगी मेट्रो
पिंक लाइन: मजलिस पार्क से शिव विहार।
मैजेंटा लाइन: बॉटेनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक।
ग्रे लाइन: द्वारका से ढांसा बस स्टैंड।
DMRC ने यात्रियों से की अपील
DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने यात्रियों से बदली हुई समय-सारणी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
परिचालन समय से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट देख सकते हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी बात
8 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। इसलिए देर शाम और रात में सफर करने वाले यात्री समय का ध्यान रखें।