- ठेकेदारों की लापरवाही से वेतन अटका, 6 नवंबर तक भुगतान के निर्देश
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों को दीपावली से पहले ₹525 की उपहार राशि और मिठाई देने की मांग उठी है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर यह लाभ सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ ने अक्टूबर महीने का वेतन भी 6 नवंबर तक जारी करवाने की मांग की है। संघ का कहना है कि हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने भी समय पर वेतन देने और दीपावली पर ₹525 की टोकन राशि व मिठाई देने की सिफारिश की है।
इसके बावजूद कर्मचारियों को लाभ नहीं मिलने की शिकायतें मिल रही हैं। संघ के अनुसार, प्रदेश में करीब 50 हजार नियमित और अनियमित सफाई कर्मचारी हैं, जिन्हें अब तक उपहार राशि और मिठाई का लाभ नहीं मिला है।
लाभ देने से इनकार करने की मिल रही शिकायतें
नगरपालिका कर्मचारी संघ के अनुसार, नगरपालिकाओं, नगर परिषदों, नगर निगमों और अन्य सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों व विश्वविद्यालयों के अधिकारियों द्वारा आयोग के पत्र के अनुसार लाभ देने से इनकार करने की शिकायतें मिल रही हैं। संघ ने इसे अनुचित बताया है।
संघ का दावा है कि प्रदेश में करीब 50 हजार पक्के और कच्चे सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें फिलहाल तक यह लाभ नहीं मिला है।
सभी कर्मचारियों को लाभ देने की मांग
नगरपालिका कर्मचारी संघ ने सभी शहरी स्थानीय निकायों को तत्काल स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। संघ चाहता है कि नियमित, पालिका रोल, दैनिक वेतनभोगी, हरियाणा कौशल रोजगार निगम, अनुबंधित, डोर-टू-डोर, अंशकालिक और ठेकेदारों के माध्यम से काम करने वाले सभी सफाई कर्मचारियों को दिवाली उपहार और अन्य लाभ दिए जाएं।
इसके अलावा नियमित और अनियमित कर्मचारियों के साथ डोर-टू-डोर, सीवर और सफाई ठेकों में लगे कर्मचारियों का वेतन भी 6 नवंबर तक जारी करवाने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि अधिकतर पालिका, परिषद और नगर निगमों में ठेकेदार कर्मचारियों को वेतन देने में लापरवाही कर रहे हैं।
संघ ने सीवरमैन सहित निकायों के अन्य कर्मचारियों को भी उपहार राशि और मिठाई का लाभ देने की मांग की है।
दिवाली पर सरकार आनाकानी न करे- नरेश शास्त्री
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और संस्थानों को स्वच्छ रखने के लिए लगातार मेहनत करते हैं। त्योहार के अवसर पर उन्हें समय पर वेतन और उपहार राशि देने में टालमटोल करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कम से कम दिवाली के पावन मौके पर तो सरकार आनाकानी न करे। संघ ने विभाग से राज्य सरकार और अन्य सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों एवं विश्वविद्यालयों के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करवाने का आग्रह किया है, ताकि कर्मचारी अपने परिवारों के साथ सम्मानपूर्वक दीपावली मना सकें।