- सही काम नहीं करने की मिली शिकायत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में आज जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित की जा रही है। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नागरिकों से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं और शिकायतों पर विस्तार से चर्चा कर रहे हैं। सीएम नायब सैनी ने काम सही नहीं करने की शिकायत पर पटवारी मंदीप हुड्डा को सस्पेंड कर दिया।
मुख्यमंत्री मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निपटारा करते हैं। बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर भी मौजूद रहे।
बैठक में 15 शिकायतों पर सुनवाई होगी। सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में आयोजित बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद हैं।
लापरवाही पर सीएम का एक्शन
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने काम में लापरवाही बरतने पर राजस्व विभाग के पटवारी मंदीप हुड्डा को निलंबित करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान संबंधित मामले में अधिकारियों से जवाब मांगा और लापरवाही सामने आने पर पटवारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त को पटवारी को निलंबित करने के साथ ही उसका मुख्यालय बदलने के आदेश भी दिए।
शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में बुधवार को आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री के सामने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं और शिकायतें रखी जा रही हैं। बैठक में कुल 15 शिकायतों को सुनवाई के लिए शामिल किया गया है। इनमें राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक-एक शिकायत पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट और कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
लंबित मामलों की होगी समीक्षा
सीटीएम ज्योति नागपाल ने बताया कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक के दौरान नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की वर्तमान स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई तथा लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की जानी है।