- हांसी में इनेलो नेता ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हांसी में इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी और यूरिया की कालाबाजारी के आरोप लगाए हैं। वीरवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को धान का एमएसपी से 150 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक कम भाव मिल रहा है।
लोहान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब जाकर फसलों की एमएसपी पर खरीद के दावे करते हैं, लेकिन यहां पर स्थिति बिल्कुल उलट है। उन्होंने मांग की कि भावांतर योजना के तहत किसानों को फसलों का उचित दाम दिया जाए।
जिन किसानों की धान की फसल एमएसपी से 150 से 300 रुपए प्रति क्विंटल कम भाव पर बिकी है, उन्हें अंतर की भरपाई मिले।
यूरिया की कालाबाजारी का आरोप
लोहान ने आरोप लगाया कि किसानों के हक की यूरिया की कालाबाजारी कर उसे उद्योगों में इस्तेमाल के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को हांसी के पास रामपुरा गांव में मिली अवैध यूरिया के मामले की जांच करनी चाहिए। यह भी पता लगाना चाहिए कि इतनी यूरिया किसे और कैसे मिली।
उन्होंने कहा कि खेती के लिए मिलने वाली यूरिया का औद्योगिक इस्तेमाल के लिए पहुंचना गंभीर मामला है। लोहान ने यूरिया सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।