- व्यक्ति बोला- लिव-इन पार्टनर ने समझौते के लिए दो लाख मांगे, टीम ने SI को नहीं पकड़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के पानीपत में करनाल एंट्री करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार शाम एक फर्जी पुलिसवाले को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। करनाल के व्यक्ति का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उससे साढ़े तीन लाख रुपए लिए गए। उसका लिव-इन का सर्टिफिकेट बनवाया। महिला दो दिन साथ रहकर चली गई तो उससे और पैसे ऐंठे गए। बाद में महिला ने उसके खिलाफ पानीपत की किशनपुरा चौकी में शिकायत दे दी।
कलीराम का आरोप है कि समझौते के नाम पर उससे 2 लाख रुपए मांगे गए। उसने ACB को शिकायत देकर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते बिचौलिए को पकड़वा दिया, लेकिन पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं हुई।
जानिए शिकायतकर्ता ने क्या बताया…
- जीवनसाथी की तलाश में दलालों के संपर्क में आया: करनाल के नलवी कलां निवासी कलीराम ने बताया कि वह रेहड़ी लगाता है। उसके तीन बच्चे हैं और तीनों शादीशुदा हैं। उसकी पत्नी का करीब 10 साल पहले देहांत हो गया था। उसे एक जीवनसाथी की तलाश थी। शादी के लिए उसने करनाल में ही कुछ लोगों से संपर्क किया। उन दलालों ने उसे दिल्ली के दलालों से मिलवाया। दिल्ली के दलालों ने पानीपत में उसकी मुलाकात करवाई, जहां एक महिला ने उससे शादी करने की हामी भरी। इसके लिए उससे साढ़े तीन लाख रुपए मांगे गए।
- लोन लेकर दलालों को दिए साढ़े तीन लाख रुपए: कलीराम ने बताया कि उसके पास इतने पैसे नहीं थे। उसने लोन करवाकर साढ़े तीन लाख रुपए दलालों को दे दिए। करीब चार महीने पहले एक महिला के साथ कोर्ट में लिव-इन के कागजात बनवाए गए। उसे बताया गया कि अब यह महिला उसकी पत्नी है और उसके साथ रहेगी। उक्त महिला दो दिन साथ रही, लेकिन इसके बाद वापस पानीपत स्थित अपने घर आ गई। कलीराम के बुलाने पर भी वह उसके पास नहीं आई।
- महिला के नहीं आने पर भी ऐंठे पैसे: कलीराम के अनुसार, महिला के उसके पास नहीं आने पर बिचौलियों ने उससे कभी 50 हजार तो कभी 30 हजार रुपए और ऐंठ लिए। इसके बावजूद महिला कलीराम के पास रहने नहीं आई। इसके बाद दलालों ने उससे दोबारा पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर महिला की ओर से उसके खिलाफ पुलिस चौकी किशनपुरा में शिकायत दिलाई गई।
- झूठे केस में फंसाने की धमकी: आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगे। उसे बार-बार पानीपत बुलाया गया और फोन पर धमकाया गया। कलीराम ने आरोप लगाया कि आज भी मौके पर पुलिसकर्मियों के सामने थाने में उसकी पिटाई की गई।
- दो लाख रुपए मांगे, 35 हजार में समझौते की बात: कलीराम ने बताया कि पुलिसकर्मी बार-बार पैसे देकर समझौता करने का दबाव बना रहे थे। उससे दो लाख रुपए मांगे जा रहे थे। बाद में 35 हजार रुपए में समझौता कराने की बात कही गई। उसके अनुसार, इस पूरे मामले में पुलिस का एक बिचौलिया भी अहम भूमिका निभा रहा था। कलीराम ने इसकी शिकायत ACB को दी और 10 हजार रुपए लेकर चौकी के पास पहुंचा।
- ACB ने बिचौलिए को पकड़ा, कार्रवाई से असंतुष्ट: कलीराम ने बताया कि ACB ने मौके से बिचौलिए और पुलिसकर्मी को हिरासत में ले लिया। हालांकि, उसके अनुसार पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और पूरा मामला बिचौलिए पर डाल दिया गया। कलीराम ने कहा कि वह इस जांच और कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है।
DSP बोले- पुलिसकर्मी की शह पर ली रिश्वत
DSP सतीश वत्स ने बताया कि शिकायत के आधार पर ACB करनाल की टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की। पुलिस चौकी किशनपुरा के पास आरोपी दीपक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। दीपक पानीपत के कुटानी रोड स्थित हनुमान कॉलोनी का रहने वाला है।
DSP ने बताया कि बिचौलिए ने एक पुलिसकर्मी की शह पर यह काम किया। पुलिसकर्मी से भी पूछताछ की जा रही है। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह की मौजूदगी में की गई। राजपत्रित अधिकारी के रूप में करनाल के जिला खेल अधिकारी सत्यवीर मौके पर मौजूद रहे।