- बोले- भाजपा कार्यालय के बाहर रैली ठोकूंगा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक में दिशा की बैठक के दौरान महम विधायक बलराम दांगी और भाजपा मेयर रामअवतार वाल्मीकि के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद 10 अक्टूबर को कांग्रेस भवन के बाहर भाजपा के प्रदर्शन के लिए टेंट लगाने की अनुमति पर उठा। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से जवाब मांगा, तो मेयर ने प्रदर्शन में बाधा डालने के आरोप लगाए।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और प्रशासन से सवाल किए। उन्होंने भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस की रैली करने की भी बात कही।
मीटिंग के दौरान कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा ने 10 अक्टूबर को भाजपा द्वारा कांग्रेस भवन के बाहर प्रदर्शन करने के लिए टेंट लगाने को लेकर आपत्ति जताई। साथ ही डीसी से मामले में जवाब मांगा। इसी बात को लेकर मेयर भड़क गए और आरोप लगाने लगे। तभी विधायक बलराम दांगी भी बोल पड़े और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
उपद्रव होता तो कौन होता जिम्मेदार
कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी ने कहा कि पहले तो सड़क पर टेंट लगाने की परमिशन किसने दी। दूसरा अगर कोई उपद्रव उस दिन हो जाता तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होता। धारा 163 लागू होने के बावजूद इतने लोगों को एकत्रित होने की अनुमति कैसे मिल गई।
मेयर बोले- प्रदर्शन को खराब करने का प्रयास
मीटिंग में मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि मैं भाजपा का प्रतिनिधि हूं। अपनी बात रखने का सबको अधिकार है। 10 अक्टूबर को प्रदर्शन था, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे खराब करने का प्रयास किया। भाजपा कार्यकर्ता आराम से अपना प्रदर्शन कर रहे थे।
मेयर व विधायक के बीच हुई बहस
मेयर रामअवतार वाल्मीकि द्वारा प्रदर्शन करने की बात करने पर महम विधायक बलराम दांगी भी जोर-जोर से बोलने लगे। दोनों बराबर वाली कुर्सी पर बैठे हुए थे और दोनों के बीच एक जुबानी जंग छिड़ गई। तभी सांसद ने मामले को शांत करवाने के लिए डीसी से जवाब मांगा।
भाजपा कार्यालय पर रैली ठोकूंगा, दोगे परमिशन
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अगला प्रदर्शन भाजपा कार्यालय के बाहर करेगी। भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के साथ रैली ठोकूंगा, फिर देख लेंगे कि परमिशन मिलती है या नहीं। प्रजातंत्र में सबको प्रदर्शन का अधिकार है। या तो तानाशाही डिक्लेयर करो, फिर आते हम।
डीएसओ पर कार्रवाई करो, गलत रिपोर्ट बनाई
दीपेंद्र ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत रिपोर्ट में लिख दिया कि विदेशी कोच लगा रखे है। रोहतक में किसी ने विदेशी कोच देखा है। नेट से डाटा उठाकर डाल दिया, हकीकत तो पता होनी चाहिए। डीएसओ ने गलत रिपोर्ट बनाकर रखी है, कौन है डीएसओ। मीटिंग में नहीं है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करो।