October 7, 2026
7 oct 12
  • कांग्रेस पर साधा निशाना

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल में आयोजित सेवा संकल्प अभियान में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और राज्यसभा सांसद संजय भाटिया पहुंचे। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके सेवा भाव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का केवल राजनीतिक जीवन ही नहीं, बल्कि उनका पूरा जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा है।

हरविंद्र कल्याण ने कहा कि उन्होंने 35 साल से ज्यादा के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में कई सरकारों को काम करते देखा है। एक समय देश में अस्थिरता, आतंकवाद और घोटालों का बोलबाला था। पिछले वर्षों में देश ने न केवल विकास और मजबूती देखी, बल्कि व्यवस्था में भी बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को यह संदेश दिया है कि सत्ता का उद्देश्य केवल सेवा है। हर जिम्मेदार व्यक्ति और नागरिक को इससे प्रेरणा लेकर देश की उन्नति के लिए काम करना चाहिए।

संजय भाटिया बोले- सही वोट नहीं कटने देंगे तो कांग्रेस को परेशानी क्यों

राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अगर यह कहती है कि सही वोट कटने नहीं देंगे और गलत वोट बढ़ने नहीं देंगे तो कांग्रेस को इसमें परेशानी क्या है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब किसी राज्य में चुनाव जीतती है तो वहां भी वही चुनाव आयोग होता है और वही वोटर लिस्ट होती है। लेकिन जहां कांग्रेस चुनाव हार जाती है, वहां ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाते हैं।भाटिया ने कहा कि यह छोटी और हल्की राजनीति है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि लोगों को ऐसी झूठी बातों और अफवाहों से जागरूक किया जाए, ताकि लोग किसी तरह के भ्रम में न आएं।

मुख्यमंत्री नायब सैनी की 24×7 काम करने वाली दिनचर्या की तारीफ

संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दिनचर्या 24×7 काम करने वाली है। रात के दो बजे भी वे लोगों से मिलते हैं। दूसरे राज्यों में जाकर बैठकें करने के साथ हरियाणा के प्रशासनिक कामकाज को भी देखते हैं और लगातार जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि इतना मेहनती और मृदुभाषी मुख्यमंत्री हरियाणा के लिए सौभाग्य की बात है। लगातार काम करने के बावजूद मुख्यमंत्री हर व्यक्ति से मुस्कुराकर मिलते हैं।

25 साल से लगातार देश की सेवा का किया जिक्र

भाटिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार देश की सेवा की है। सुख-दुख की परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने दायित्व को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का समर्पण इस बात की प्रेरणा देता है कि देश सेवा को सबसे ऊपर रखा जा सकता है। इसी सेवा भाव को समर्पित करते हुए सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

बोले- न थका हूं, न रुका हूं, भारत को विकसित राष्ट्र बनाऊंगा

संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वे तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक भारत को दुनिया का सबसे विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से भी आह्वान किया है कि वे भारत को विकसित और ताकतवर राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उनका विश्वास है कि आने वाले समय में भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली और विकसित देश बनेगा।

गुलामी से निकलकर दुनिया में भारत की तूती बोल रही

भाटिया ने कहा कि करीब 100 साल पहले भारत की स्थिति बिल्कुल अलग थी। देश लंबे समय तक गुलाम रहा, समाज जातियों और अलग-अलग समूहों में बंटा हुआ था। उस समय यह कल्पना करना भी मुश्किल था कि भारत आजाद होकर दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत की दुनिया में ताकत दिखाई देती है। चाहे युद्ध का मैदान हो, अर्थव्यवस्था हो या तकनीक का क्षेत्र, हर जगह भारत अपनी क्षमता साबित कर रहा है। आज पूरी दुनिया में भारत का प्रभाव और उसकी ताकत दिखाई दे रही है।