- ट्रैफिक चेकिंग के दौरान विवाद, वर्दी फाड़ने और धमकी देने का आरोप
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पानीपत में संजय चौक पर मंगलवार शाम को ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। ट्रैफिक पुलिस के ईएएसआई पवन कुमार की शिकायत पर थाना शहर पानीपत पुलिस ने असलम निवासी विद्यानंद कॉलोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 121(1), 132 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायत में पुलिसकर्मी ने युवक पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने, वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। वहीं थाना प्रभारी कटार सिंह का कहना है कि आरोपी पर पहले भी कई मुकदमें दर्ज हैं। इनकी पूरी जांच की जा रही है।
शिकायत के अनुसार संजय चौक पर चल रही थी वाहन चेकिंग
ईएएसआई पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 अक्टूबर को वह एसपीओ सुनील कुमार, एचजी महेश कुमार और एचजी प्रवीण कुमार के साथ संजय चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी और वाहनों की जांच कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे एक युवक बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट के हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर बाइक के दस्तावेज मांगे। शिकायत के मुताबिक युवक ने बताया कि उसके पास मोटरसाइकिल के कागजात नहीं हैं।
शराब की आ रही थी गंध
पुलिसकर्मी के अनुसार युवक ने अपना नाम असलम पुत्र इस्लाम निवासी विद्यानंद कॉलोनी बताया। इसी दौरान उसके मुंह से शराब की गंध आने का आरोप लगाते हुए उसे अल्कोहल सेंसर मशीन में जांच के लिए फूंक मारने को कहा गया। शिकायत में आरोप है कि असलम ने जांच कराने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
थप्पड़ मारने और वर्दी फाड़ने का आरोप
शिकायत के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने असलम को गाली-गलौज करने से रोका, लेकिन वह गुस्से में आ गया और उसने ईएएसआई पवन कुमार के मुंह पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर बाईं ओर का कंधे वाला हिस्सा फाड़ दिया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
जान से मारने की धमकी का भी आरोप
पुलिस की शिकायत के अनुसार भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने असलम के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे भीड़ से बचाया। इसी बीच डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और असलम को उसके हवाले कर दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि मौके से जाते समय असलम पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दे रहा था।