October 5, 2026
5 oct 7
  • बोलीं- महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा सरकार की मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (OTP) के विरोध में नर्सिंग स्टाफ आज से 3 दिन की हड़ताल पर है। नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन ने 5 से 7 अक्टूबर तक रोजाना 2 घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक का ऐलान किया है।

एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था में विलिंग और म्यूचुअल ट्रांसफर का विकल्प खत्म होने से नर्सिंग ऑफिसरों के लंबी दूरी पर तबादले हो सकते हैं। हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।

नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता कुमारी ने बताया कि यह पॉलिसी नर्सिंग कैडर की विशेष परिस्थितियों (जैसे 24 घंटे की शिफ्टिंग ड्यूटी और महिला सुरक्षा) को ध्यान में रखकर नहीं बनाई गई है। यदि यह पॉलिसी नर्सिंग कैडर पर लागू की जाती है, तो उन्हें भी अन्य महिला कर्मचारियों की तरह सुबह 9 से शाम 5 बजे की सिंगल शिफ्ट ड्यूटी दी जाए।

सुरक्षा और परिवार पर असर: प्रदेश में करीब 5500 नर्सिंग ऑफिसर हैं। जिनमें करीब 98 प्रतिशत महिलाएं हैं। मॉर्निंग, इवनिंग और नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के दौरान दूसरे जिलों में ट्रांसफर होने से सुरक्षा का खतरा बढ़ेगा तथा बच्चों की पढ़ाई व परिवार पर बुरा असर पड़ेगा।

जबरन ट्रांसफर की शर्त: पॉलिसी के तहत एक स्टेशन पर 5 साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को जबरन ट्रांसफर ड्राइव में शामिल किया जा रहा है, जो व्यावहारिक नहीं है। HOD (DGHS) को बार-बार प्रतिवेदन देने के बावजूद समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया।

खाली पद पहले दिखाएं: OTP लागू करने से पहले खाली पड़े पदों को पोर्टल पर प्रदर्शित कर भरा जाए।

ऐच्छिक और सिंगल शिफ्ट: ट्रांसफर केवल रिक्त पदों पर और कर्मचारी की सहमति के आधार पर हो। या फिर अन्य महिला कर्मचारियों की तरह 9 से 5 बजे की निश्चित ड्यूटी दी जाए।

मेवात अलाउंस व होम डिस्ट्रिक्ट: नूंह/मेवात और पलवल में कार्यरत स्टाफ को डॉक्टरों की तर्ज पर अलाउंस मिले। साथ ही नई भर्ती पर वहां पहले से कार्यरत कर्मचारियों को उनका गृह जिला (Home District) आवंटित किया जाए।

रोटेशन व म्यूचुअल विकल्प: जिला अस्पतालों में रोटेशन ड्यूटी जिला सीमा के अंदर ही रखी जाए और कर्मचारियों के लिए म्यूचुअल ट्रांसफर का विकल्प दिया जाए।