- बारिश के आसार नहीं, महेंद्रगढ़ का 34.1°C पर पहुंचा तापमान
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदल रहा है। बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में मौसम के फिर से शुष्क होने के आसार हैं। कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के अनुसार हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो सकता है।
इसके चलते 5 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील और मुख्य रूप से खुश्क रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्के बादल छाने और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी, जबकि सुबह-शाम और रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं।
दिन के तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। रात के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना जताई गई है। विभाग ने इस अवधि के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। 30 सितंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
महेंद्रगढ़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 34.0, सिरसा में 33.2, फरीदाबाद में 33.3, गुरुग्राम में 31.0, रोहतक में 30.7, नारनौल में 30.5, भिवानी में 32.6, चरखी दादरी में 32.5, रेवाड़ी में 32.9, करनाल में 29.8 और कुरुक्षेत्र में 30.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
वहीं अंबाला में 31.8, यमुनानगर में 30.4, पंचकूला में 30.7, कैथल में 29.9, पानीपत में 31.0 और पलवल में 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। फतेहाबाद में 31.5, जींद में 31.2, झज्जर में 31.2 और सोनीपत में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वातावरण में नमी कम होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद अब मौसम के फिर से शुष्क होने की स्थिति बन रही है। हवाओं की दिशा में बदलाव के साथ वातावरण में नमी कम होने की संभावना है। इससे दिन में धूप का असर बढ़ सकता है, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंडक बढ़ेगी।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 5 अक्टूबर तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। किसानों को मौसम के शुष्क रहने की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। आगामी दिनों में हल्के बादल और हवाओं के कारण मौसम में बीच-बीच में बदलाव जरूर देखने को मिल सकता है।