September 17, 2026
17 sep 8
  • गुरुग्राम में 4 प्रोजेक्ट्स में ₹248.46 करोड़ की हेराफेरी का मामला, कंपनियों में ट्रांसफर हुआ फंड

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा के तीन ठिकानों पर गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। ईडी की यह रेड रियल एस्टेट कंपनी वाटिका की ओर से की गई हेराफेरी को लेकर की जा रही है।

मामला गुरुग्राम के चार प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है, जिसमें 661 निवेशकों से लगभग 248.46 करोड़ जमा कराए गए। उन्हें समय पर कब्जा, पक्का रिटर्न, लीज रेंटल और सेल डीड पूरा करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन आज तक न तो कब्जा दिया गया और न ही सेल डीड पूरी की गई।

इसी मामले में ईडी ने पीएमएलए की धारा 17 के तहत गुरुग्राम में गोपाल कांडा से जुड़ी तीन जगहों पर छापेमारी की है। इनमें उनका घर, फार्महाउस और ऑफिस शामिल है। आरोप है कि डायवर्ट किए गए फंड को बाद में गोपाल कांडा से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया था।

2023 में भी पड़ चुकी घर और ऑफिस पर रेड

यह कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी सिरसा से पूर्व विधायक के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी हुई थी। अगस्त 2023 में ईडी की टीमों ने 21 घंटे तक उनकी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले थे। ईडी के अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित उनके घर और एमडीएलआर एयरलाइंस के कार्यालय में एक साथ कार्रवाई शुरू की थी।

एयर होस्टेस के सुसाइड में भी आया था नाम

गोपाल कांडा पहली बार तब सुर्खियों में आए थे, जब 2012 में पूर्व एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में उनका नाम सामने आया था। उस समय वह 23 साल की थीं। कांडा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था, लेकिन 2023 में एक अदालत ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया था।