- पुरानी रंजिश, हथियारबंद बदमाशों ने घेरा, खेत में घात लगाए बैठे थे आरोपी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला जिले के मुलाना में पुरानी रंजिश के चलते 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने खेतों की ओर जा रहे युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से बलविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी कार और बाइकों से फरार हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक कार सड़क से नीचे गिरी हुई दिखाई दे रही है, जबकि उसके पीछे के शीशे टूटे हुए हैं। वीडियो में कुछ लोग कार के ऊपर दो नंबर प्लेट रखे हुए भी नजर आ रहे हैं। इन नंबर प्लेटों पर T0226HR716P और HR05AT5043 नंबर लिखे हैं।
वीडियो में मौजूद लोग दावा कर रहे हैं कि ये नंबर प्लेट फायरिंग करने वाले आरोपियों की कारों की हैं। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही इन नंबर प्लेटों और वायरल वीडियो की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
भाइयों के साथ खेतों की ओर जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, कलालटी निवासी बलविंद्र मंगलवार सुबह अपने भाइयों के साथ खेतों की ओर जा रहा था। वह पशुओं के लिए घास काटने के लिए खेतों की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
बिना बातचीत किए शुरू कर दी फायरिंग
परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने बलविंद्र से किसी तरह की बातचीत नहीं की और सीधे उस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक गोली बलविंद्र के पैर में जा लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया।
वारदात के बाद वाहनों से फरार हुए आरोपी
फायरिंग करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर कार और बाइकों पर सवार होकर आए थे। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हालांकि, रंजिश के कारणों और हमले में शामिल आरोपियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घायल का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद परिजन घायल बलविंद्र को तुरंत अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल डॉक्टरों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही मुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस घायल और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस का कहना है कि बयान और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।