- हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी ऑफिस पर नारेबाजी, व्यवस्था सुधारने की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक पीजीआई में अल्ट्रासाउंड न होने पर मरीज व उनके परिजनों ने हंगामा कर दिया। मरीजों ने हेल्थ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. एचके अग्रवाल के ऑफिस पहुंचकर नारेबाजी की। वीसी ने मरीजों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा, जिसके बाद मरीज व उनके परिजन शांत हुए।
वीसी ऑफिस पहुंचे मरीजों ने कहा कि वह दूर दराज के क्षेत्र से आते है, लेकिन पीजीआई में अल्ट्रासाउंड की लंबी लाइन में लगने के बाद भी उनका नंबर नहीं आता। 50 मरीजों का अल्ट्रासाउंड होने के बाद बाकी लोगों को वापस भेज दिया जाता है। ऐसे में मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए धक्के खा रहे है।
अल्ट्रासाउंड करने की बढ़ाई जाए संख्या
मरीजों ने कहा कि अल्ट्रासाउंड करने की संख्या को बढ़ाया जाए। अभी केवल 50 लोगों का ही अल्ट्रासाउंड किया जाता है, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड बंद कर दिए जाते है। अल्ट्रासाउंड की संख्या को 150 किया जाना चाहिए या लगातार अल्ट्रासाउंड होने चाहिए, ताकि मरीजों को परेशानी ना हो।
सुबह 5 बजे आकर लगाते हैं लाइन
मरीजों ने बताया कि अल्ट्रासाउंड के लिए सुबह 5 बजे आकर पर्ची कटवाने के लिए लाइन लगानी पड़ती है। इसके बाद भी नंबर आने को लेकर असमंजस रहता है। पीजीआई प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे अल्ट्रासाउंड करवाने में मरीजों को परेशानी ना हो।
ईलाज के नाम पर खाने पड़ रहे धक्के
मरीजों ने कहा कि पीजीआई में सस्ते व अच्छे ईलाज की उम्मीद में लोग दूसरे जिलों से भी आते है, लेकिन पीजीआई में ईलाज की जगह उन्हें धक्के खाने पड़ रहे है। अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन हो या एमआरआई, मरीजों को लंबी तारीख मिलती है। इस व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
समस्या का किया जाएगा समाधान
वीसी डॉ. एचके अग्रवाल ने ऑफिस के बाहर हंगामा कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। अल्ट्रासाउंड व्यवस्था में सुधार करेंगे, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। पीजीआई प्रशासन मरीजों को बेहतर ईलाज देने के लिए संकल्पबद्ध है।