- एजुकेशन, स्किल और इन्वेस्टमेंट में सहयोग पर बनी सहमति
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के युवाओं के लिए अब विदेश में पढ़ाई और नौकरी के नए रास्ते खुलेंगे। बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम नायब सिंह सैनी और भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन के बीच एक हाई-लेवल मीटिंग हुई। इस दौरान हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट, एग्रीकल्चर, क्लीन एनर्जी और इन्वेस्टमेंट समेत कई अहम सेक्टर में पार्टनरशिप मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
मीटिंग में सीएम नायब सैनी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत रिश्तों का सीधा फायदा हरियाणा के युवाओं, विद्यार्थियों और किसानों तक पहुंचाना सरकार का मुख्य मकसद है। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर ने सीएम सैनी को ऑस्ट्रेलिया आने का न्योता भी दिया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सीएम के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उप प्रधान सचिव अजय कुमार, विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी, संयुक्त निदेशक हिना बिंदलिश और ऑस्ट्रेलिया-इंडिया बिजनेस काउंसिल के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अब जानिए जिन 6 मुख्य मुद्दों पर रहा फोकस…
- एजुकेशन और इनोवेशन में पार्टनरशिप: हरियाणा की यूनिवर्सिटीज और ऑस्ट्रेलिया के बड़े रिसर्च संस्थानों के बीच स्टूडेंट-फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, एग्रीकल्चर और क्लीन एनर्जी में ज्वाइंट रिसर्च पर जोर दिया जाएगा। सीएम ने राज्य में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की बात कही।
- युवाओं को मिलेगी ग्लोबल स्किलिंग: हरियाणा के युवाओं को ग्लोबल स्टैंडर्ड के हिसाब से स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और स्किल यूनिवर्सिटीज को ऑस्ट्रेलियाई संस्थानों से जोड़ा जाएगा, ताकि हेल्थकेयर, कंस्ट्रक्शन, आईटी और हॉस्पिटैलिटी जैसे सेक्टर्स में विदेश में रोजगार मिल सके।
- खेती में मिलेगी आधुनिक तकनीक: प्रिसिजन एग्रीकल्चर, कम पानी में खेती, मिट्टी की सेहत सुधारने, डेयरी टेक्नोलॉजी और फूड प्रोसेसिंग में ऑस्ट्रेलिया की नई तकनीकों का इस्तेमाल हरियाणा के किसान कर सकेंगे।
- ग्रीन एनर्जी पर साथ काम: ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे क्लीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स में दोनों पक्ष मिलकर काम करेंगे।
- ऑटो-मैन्युफैक्चरिंग में निवेश बढ़ाना: हरियाणा के ऑटोमोबाइल, एग्रीटेक और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा।
- खेल और टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा: स्पोर्ट्स साइंस, एथलीट ट्रेनिंग और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में हरियाणा के खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया की एक्सपर्टाइज का फायदा मिलेगा। क्रिकेट, हॉकी और कुश्ती जैसे खेलों में स्पेशल ट्रेनिंग पर विचार किया गया।