- सिर में गोलियां मारीं, पेट पर पड़ी मिली गाड़ी की चाबी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मॉडल टाउन एरिया में फाइनेंसर एक्सरसाइज करने के बाद जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर करीब 8 राउंड फायरिंग की।
फाइनेंसर बचने के लिए अपनी गाड़ी की तरफ भी भागे लेकिन सिर में गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह (60) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही SP कमलदीप गोयल के साथ सिटी थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल की एक फोटो भी सामने आई है जिसमें फाइनेंसर का साइड से सिर फटा हुआ दिखा रहा है और गाड़ी की चाबी उनके पेट पर पड़ी है।
दो बेटों के पिता थे हरभजन सिंह
परिवार के मुताबिक, हरभजन सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विदेश में रहता है, जबकि छोटा बेटा दिलबाग सिंह यमुनानगर में ही पिता के साथ फाइनेंस का काम करता है। हरभजन सिंह रोज सुबह मॉडल टाउन स्थित जिम में एक्सरसाइज करने जाते थे। सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हरभजन सिंह जिम में एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकले। वह अपनी गाड़ी की तरफ जा रहे थे।
बचने के लिए गाड़ी की तरफ दौड़े
जिम के बाहर पहले से घात लगाकर बैठे दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से हरभजन सिंह बचने के लिए अपनी गाड़ी की तरफ भागे। इसी दौरान दो गोली उनकी गाड़ी के बोनट पर भी लगीं। हरभजन सिंह के गाड़ी तक पहुंचने के बाद भी बदमाशों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। दोनों बदमाश गाड़ी के पास पहुंचे और हरभजन सिंह पर दोबारा फायरिंग की। गोली लगने से वह वहीं गिर गए।
पहले लगा पटाखे फूटे, बाद में पता चला गोलियां चलीं
जिम के पास रहने वाले विनोद कुमार ने बताया, “मैं अपनी पत्नी को ड्यूटी पर छोड़कर घर आया था। इसके करीब 5 मिनट बाद अचानक तेज आवाजें सुनाई दीं। पहले लगा कि कॉलेज के बच्चों ने पटाखे फोड़े हैं। बाद में पता चला कि गोलियां चली हैं। इसके बाद हम लोग मौके पर पहुंचे। हरभजन सिंह पास के पार्क में सुबह-शाम वॉक और योगा करते थे। इसके बाद वह जिम में एक्सरसाइज करने के लिए आते थे।”