August 27, 2026
27 aug 18
  • सिपाही को दिया धक्का, स्पोर्टस आइटम के बिल पर मिली शराब

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के पंचकूला में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को चकमा देकर भागे एक ट्रक ड्राइवर ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। पुलिस ने पीछा कर आरोपी को दबोच लिया है। सिर में चोट लगने के कारण उसे सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक के केबिन में बैठे सिपाही को आरोपी ड्राइवर ने धक्का देकर गिराने का प्रयास किया। ट्रक ड्राइवर के कूदने के बाद सिपाही ने स्टेयरिंग संभाला और ट्रक को साइड में लगाया। सिपाही की सूझबूझ से बेकाबू ट्रक को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में ट्रक की तलाशी में 240 पेटी शराब मिली है, जिसे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी लेकर जा रहा था।

  • कमांडो कॉम्प्लेक्स के पास लगाया था नाका: एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज PSI सौरव रावत को 26 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि एक बंद बॉडी ट्रक में चंडीगढ़ से अवैध शराब लोड कर हाईवे के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घग्घर पार कमांडो कॉम्प्लेक्स कट के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
  • फोन करने पर भी नहीं पहुंचे एक्साइज इंस्पेक्टर: पूछताछ में ड्राइवर ने अपनी पहचान अमरोहा (यूपी) निवासी शहजाद आलम के रूप में बताई। ट्रक में क्या सामान है, इसका वह सही जवाब नहीं दे पाया। ट्रक पीछे से सील था। पुलिस ने आबकारी विभाग (एक्साइज) के इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
  • साइड लगाने के बहाने भगाया, चलती गाड़ी से कूदा: यातात बाधित न हो, इसलिए ट्रक को साइड में लगाने को कहा गया और कांस्टेबल विकास को ड्राइवर के साथ बैठा दिया गया। आरोप है कि ड्राइवर शहजाद ने अचानक गाड़ी तेज रफ्तार में भगा ली। कुछ दूरी पर उसने कांस्टेबल को धक्का दिया और खुद चलते ट्रक से नीचे कूद गया।
  • कांस्टेबल की सूझबूझ से टली दुर्घटना: ड्राइवर के कूदते ही बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बनी बिल्डिंग की तरफ बढ़ने लगा। सिपाही विकास ने तुरंत ड्राइवर सीट पर संभाली और ब्रेक लगाकर ट्रक को रोका। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर घायल ड्राइवर को पकड़ा और अस्पताल पहुंचाया।
  • मोहाली की कंपनी का मार्का : पुलिस ने ट्रक से 240 पेटी शराब बरामद की है। जिस पर मोहाली की कंपनी का मार्का लगा हुआ है। शराब सिलीगुड़ी पहुंचाई जा रही थी। ट्रक की बिल्टी जालंधर की एक स्पोर्टस कंपनी से बनवाई गई थी। कुछ सामान स्पोर्टस का पीछे रखा गया था। स्पोर्टस के ही डिब्बे के पीछे शराब के बॉक्स छिपाए गए थे।