- गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा, जिम के बाहर 18 राउंड फायरिंग कर की गई हत्या
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : उत्तर प्रदेश के शामली में चर्चित हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या मामले में बड़ा अपडेट आया है। हत्या के कुछ समय बाद हरियाणा के गोगी ग्रुप से जुड़े सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
पोस्ट में उसने आरोप लगाया कि अंकित उनके दुश्मनों का साथ देता था और गोगी भाई के साथ हुई घटना को लेकर उसने गाना भी बनाया था। पोस्ट में आगे अन्य लोगों को भी धमकी देते हुए कहा गया कि जो उनके दुश्मनों का साथ देगा, उसका भी यही अंजाम होगा।
हालांकि, पुलिस ने अभी सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
सबसे पहले पढ़िए पोस्ट में क्या लिखा…
ये जो आज शामली में अंकित बालियान का मर्डर हुआ है, इसकी पूरी जिम्मेदारी मैं भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) लेता हूं। ये हमारे दुश्मनों का साथ देता था। हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था। हमारे दुश्मनों का आपराधिक कामों में साथ देता था। इसका अंजाम इसको मिल गया। जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा, उन सबका यही हाल होगा। ये तो शुरुआत है, सबका यही हाल होगा…
भोलू शाहपुरिया ने पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया
हत्या के बाद सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई। इसमें उसने लिखा कि शामली में अंकित बालियान की हत्या की पूरी जिम्मेदारी वह लेता है। पोस्ट में गोगी, फैजी भाई और गोगी ग्रुप को टैग किया गया है।
कैसे हुई हत्या
बधवार शाम जिम से बाहर निकलते समय अंकित पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस को मौके के पास सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें वारदात से पहले दो बाइक पर चार युवक नजर आ रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे गैंग कनेक्शन, पुरानी रंजिश, विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन जिलों की पुलिस के साथ एसटीएफ की टीमें भी जांच में जुटी हैं और चार टीमें हरियाणा भेजी गई हैं।
जिम के बाहर चार हमलावरों ने घेरकर की फायरिंग
अंकित बुधवार शाम करीब चार बजे अपने घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम पहुंचे थे। करीब सात बजे वह जिम से एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
गाड़ी में बैठने की कोशिश की, हमलावरों ने खोल दिया गेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंकित ने हमलावरों से बचने के लिए स्कॉर्पियो में बैठने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने झपट्टा मारकर गाड़ी का गेट खोल दिया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात में करीब 18 राउंड फायर किए जाने की जानकारी सामने आई है। गोलियां गाड़ी के अगले शीशे में भी लगीं, जबकि अंकित के शरीर में पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे चार युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों हमलावर बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने जिम के बाहर पहले से रेकी कर रखी थी और अंकित के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि वारदात में हरियाणा के शूटर शामिल हो सकते हैं। इसी एंगल को लेकर पुलिस हरियाणा में भी जांच कर रही है
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
पुलिस को घटनास्थल के पास एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें वारदात से ठीक पहले जिम के बाहर दो बाइक पर चार युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अंकित के संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है।
तीन जिलों की पुलिस जांच में जुटी, चार टीमें हरियाणा भेजीं
देर रात एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। चार पुलिस टीमें हरियाणा भेजी गई हैं। गोगी गैंग से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं और जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बंतीखेड़ा के रहने वाले थे अंकित, सोनीपत से भी रहा नाता्र
32 वर्षीय अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर के तौर पर पहचान बना चुके थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि मां अमरेश गृहिणी हैं। अंकित दो भाइयों में बड़े थे और शादीशुदा थे। उनका सोनीपत से भी जुड़ाव रहा है।
हत्या से एक घंटे पहले रिलीज किया था नया गाना
अंकित ने हत्या से करीब एक घंटे पहले शाम छह बजे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक गाना पोस्ट किया था। वीडियो में वह गाड़ी में बैठकर गाना गाते नजर आए। वह अक्सर गन कल्चर और अपराध की पृष्ठभूमि वाले गाने बनाते थे। उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था, जिसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में काफी चर्चित हुए। उनके शामली रोड शो की भी वर्ष 2023 में चर्चा रही थी।
रोड शो को लेकर अंकित पर दर्ज हुई थी एफआईआर
27 जुलाई 2023 को शामली के लिलौन बाईपास पर अंकित बालियान का स्वागत समारोह हुआ था। इसके बाद गाड़ियों और बाइकों के काफिले के साथ रोड शो निकाला गया। पुलिस के अनुसार इसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी और कुछ समर्थकों पर हुड़दंगबाजी के आरोप लगे थे। इसके बाद अंकित सहित 40 से अधिक लोगों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी।
छह महीने पहले रोहतक में विवाद की जानकारी
हत्या के बाद पुलिस को करीब छह महीने पहले रोहतक में अंकित की एक अन्य सिंगर के साथ हुई कहासुनी की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इस विवाद के बाद अंकित ने रोहतक में रहना कम कर दिया था और बंतीखेड़ा में ज्यादा समय बिताने लगे थे। हालांकि, काम के सिलसिले में उनका रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में आना-जाना जारी था। पुलिस अब यह पता कर रही है कि इस विवाद का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
पुरानी रंजिश और गैंग कनेक्शन समेत कई एंगल पर जांच
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, सुपारी और गैंग कनेक्शन समेत कई संभावित कारणों की जांच कर रही है। अंकित को पूर्व में मिली कथित धमकियों और उनके संपर्क में रहे लोगों
की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बना रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पोस्ट करने वाले व्यक्ति का हत्या से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।
परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया रोष
हत्या के बाद अंकित के परिजनों और ग्रामीणों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर वर्मा मार्केट तिराहे के पास सड़क जाम कर दिया। यह स्थान घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर बताया गया है। अंकित के गांव से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
पुलिस बल तैनात, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने देर रात अंकित के शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अंकित के घर के बाहर करीब 30 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मौके पर एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।