- रक्षाबंधन के चलते रेलवे ने लिया फैसला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल रेलसेवा दो-दो ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी, जिससे दिल्ली, हरियाणा और शेखावाटी क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल 27 एवं 28 अगस्त 2026 को (दो ट्रिप) संचालित होगी। ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से आज शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित स्पेशल 28 एवं 29 अगस्त 2026 को (दो ट्रिप) चलाई जाएगी। यह ट्रेन रींगस से 28 अगस्त रात 2:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पाटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
11 साधारण श्रेणी के डिब्बे
रेलवे ने बताया कि इस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन में कुल 13 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। त्योहारों के दौरान सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें।