August 25, 2026
25 aug 23
  • 6 दिन से तहसील का कामकाज चल रहा ठप

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में छह दिन से चल रही पटवारी और कानूनगो की हड़ताल के बीच पानीपत में एक पटवारी रिश्वत लेते पकड़ा गया। पटवारी के साथ उसके सहायक को भी एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने दबोचा है।

एसीबी के मुताबिक पटवारी ने इंतकाल दर्ज करने के नाम पर 35 हजार मांगे थे। अब 20 हजार रुपए लेते पकड़ा है। दिलचस्प है कि पटवारी ने हवाला दिया था कि वैसे तो स्ट्राइक चल रही है, लेकिन रकम मिल जाएगी तो चुपके से काम कर देगा।

दोनों को HSVP कार्यालय के नजदीक से अरेस्ट किया गया। पटवारी की पहचान सुभाष निवासी गढ़ी बेसिक के तौर पर हुई। जबकि उसका सहयोगी उस्मान गांव अधमी का रहने वाला है।

दो गांवों का एरिया कवर करता था पटवारी

एसीबी के मुताबिक, अरेस्ट किए गए पटवारी सुभाष के पास बाबरपुर मंडी और बाबरपुर गांव का एरिया था। इसका सहयोगी उस्मान, तहसील में बतौर पटवारी ही अपनी पहचान बताया करता था। पिछले करीब 6 दिनों से पटवारियों की हड़ताल चल रही है। इस बीच पटवारी सुभाष ने यूनियन से अलग होकर काम करने की लाइन को पकड़ा।

35 हजार रुपए मांगे, 20 हजार में डील हुई

एसीबी टीम के मुताबिक, पटवारी सुभाष और उसके सहयोगी ने जमीन के इंतकाल (जिसे म्यूटेशन या दाखिल-खारिज भी कहते हैं) के नाम पर 35 हजार रुपए मांगे थे। इस प्रक्रिया में सरकारी रिकॉर्ड में जमीन के मालिकाना हक को नए मालिक के नाम पर ट्रांसफर करना होता है। मोल भाव के बाद शिकायतकर्ता से दोनों ने 20 हजार में डील कर ली थी।