August 25, 2026
25 aug13
  • बोलीं- चुप न रहे बेटियां, आवाज उठाएं

हरियाणा महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी ने नूंह जिले का दौरा किया। उन्होंने फिरोजपुर झिरका के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से अपने दौरे की शुरुआत की। यहां छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने महिला और बालिका सुरक्षा पर जागरूक किया और किसी भी घटना पर चुप्पी तोड़ने की अपील की।

भारती सैनी ने छात्राओं से कहा कि यदि उनके साथ कोई गलत घटना होती है या कोई ऐसी कोशिश करता है, तो वे डर या शर्म के कारण उसे मन में न दबाएं। उन्होंने तुरंत माता-पिता, शिक्षकों या स्कूल की आईसीसी टीम को इसकी जानकारी देने को कहा, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके और न्याय मिल सके।

पूरे समाज की जिम्मेदारी है लड़कियों की सुरक्षा : भारती सैनी

महिला थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोर दिया कि लड़कियों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि शिक्षकों और पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवार और शिक्षकों से बच्चों के साथ भरोसे का रिश्ता बनाने का आग्रह किया, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी बात बता सकें।

महिला आयोग सदस्य ने कहा कि किसी पीड़ित महिला या बच्ची को मुसीबत में अकेला छोड़ना अमानवीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिला आयोग जरूरतमंद महिलाओं और बच्चियों की हरसंभव मदद करेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी को भी निर्देश दिए कि संज्ञान में आने वाले मामलों में पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

भारती सैनी ने जेल का भी किया निरीक्षण

एक समिति की बैठक में उठे मामले के संबंध में भारती सैनी ने बताया कि वह वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जेल निरीक्षण के दौरान उन्हें कोई बड़ी कमी नहीं मिली।

उन्होंने बंदियों के रखरखाव, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। भारती सैनी का स्पष्ट संदेश था कि बेटियां डरें नहीं, चुप न रहें और किसी भी गलत घटना के खिलाफ अपनी आवाज अवश्य उठाएं।