August 24, 2026
24 aug 3
  • प्रधान बोले-रोड़ धर्मशाला से जिला सचिवालय तक  करेंगे प्रर्दशन

अखिल भारतीय रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने बयान जारी कर कहा कि 24 अगस्त के प्रदर्शन की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। रोड़ धर्मशाला में व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में युवा वालंटियर लगाए गए हैं। प्रदर्शन में तिरंगे झंडे साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से होगा और उम्मीद है कि पुलिस भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेगी।

तस्वीरें लेने के लिए दो ड्रोन

बलकार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की निगरानी और तस्वीरें लेने के लिए दो ड्रोन रखे गए हैं। लोगों के लिए कई हजार पानी की बोतलों की व्यवस्था की गई है। पानी के टैंकर और कुर्सियां रोड भवन के अंदर रखी गई हैं। सामने पार्क में भी मैट बिछाए गए हैं, ताकि लोगों को बैठने में परेशानी न हो।

रोड़ भवन से जिला सचिवालय तक जाएगा जुलूस

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन का पूरा रूट प्लान तैयार हो चुका है। समाज के लोग रोड़ भवन से रवाना होकर गांधी चौक पहुंचेंगे। इसके बाद अस्पताल के आगे से होते हुए जिला सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। बलकार सिंह ने कहा कि समाज में हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर भारी आक्रोश है। गांवों में जलाए गए पुतलों, पंचायतों में जुटे लोगों और वीडियो व फोन के माध्यम से हुए तालमेल से समाज की नाराजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में रोड़ समाज के लोग करनाल पहुंचेंगे और चाहते हैं कि समाज को सम्मान मिले तथा उनकी मांगें मानी जाएं।

3 मुख्य मांगों को लेकर सरकार से उम्मीद

बलकार सिंह ने प्रशासन से प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की कोताही नहीं बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोड़ समाज ने सरकार का बहुत बड़ा साथ दिया है और सरकार में समाज की हिस्सेदारी भी है। उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी सुनवाई होगी और समाज की तीनों मुख्य मांगें मानी जाएंगी।

उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में 24 अगस्त को करनाल पहुंचने की अपील की। कहा कि यदि किसी को ट्रैफिक या किसी अन्य कारण से परेशानी हो तो चार किलोमीटर पैदल चलकर भी प्रदर्शन स्थल तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का कार्यक्रम में पहुंचना जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान समाज सीबीआई से जांच की मांग प्रमुखता से उठाएगा।